सीएम योगी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, कही ये बातें

स्वतंत्रता दिवस
कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्‍यमंत्री।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज विधानसभा पहुंच कर सुबह नौ बजे ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को आजादी के 75 वर्ण पूर्ण होने की शुभकामनाएं दी। साथ ही देश की आजादी की अगुआई करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया। योगी ने कहा कि इस अवसर पर हम ज्ञात अज्ञात वीर सपूतों, जिन्होंने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, आंतरिक सुरक्षा के लिए आहुति देने वालों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

इस मौके पर सीएम योगी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे कर रहा है। यह एक ऐतिहासिक दिन है और आज पूरा देश इसे आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। हमें आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आत्म-अवलोकन करना चाहिए। आगामी 25 वर्षों के अमृत काल में भारत के निर्माण का अवसर भी मिल रहा है। देश आजादी के 75 वर्णों का साक्षी बना है। इस दौरान देश के लिए बलिदान हुए उन तमाम सपूतों को नमन है। जिन्होंने देश के लिए अपनी जान न्यौछावर कर दी। इस दौरान सीएम योगी ने महात्मा गांधी को भी याद किया।

योगी ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास और सबके विश्वास के नारे के अनुरूप प्रदेश सरकार विकास के मार्ग पर अग्रसर है। लोगों ने अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाया है। भारत के 130 करोड़ की जनता आज अपने आन,बान और शान के साथ जुड़ी है और आजादी का महोत्सव मना रही है।

मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने देश और देश के संसदीय लोकतंत्र पर गर्व करना चाहिए। इस दौरान सीएम योगी ने कला और संस्कृति के क्षेत्र में खास योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया है। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर राजधानी लखनऊ में कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

यह भी पढ़ें- #IndependenceDay: लालकिले से बोले PM मोदी, अगले 25 साल भारत को सुपर पावर बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण

इस दौरान योगी ने मौन मार्च के जरिए विभाजन की त्रासदी को भी स्मरण कर कहा कि कोरोना महामारी के समय पूरे देश की जनता ने पीएम मोदी का साथ दिया और उत्तर प्रदेश की जनता ने इस मुश्किल दौर में हमारा साथ दिया। इसी के साथ ही उन्होंने कहा कि आज परमात्मा भी हमें अपना आशीर्वाद दे रहे हैं। हर बार जब हम सभी राष्ट्रीय पर्व मनाते थे तो उस समय या तो बहुत गर्मी हो रही होती थी या तो बारिश, लेकिन इस बार मौसम सुहावना है।

कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और बृजेश पाठक समेत तमाम नेता भी मौजूद रहे। सोमवार सुबह आठ बज कर 55 मिनट पर सभी चौराहों पर सायरन बजने लगा। जिसके बाद सीएम योगी ने विधान-भवन पर ध्वजारोहण कर सभी देशवासियों को आजादी के 75 वर्ण पूर्ण होने की शुभकामनाएं दी।

यह भी पढें- योगी सरकार का बड़ा फैसला, स्वतंत्रता दिवस पर नहीं होगी छुट्टी, खुले रहेंगे सभी स्कूल-कॉलेज और ऑफिस