सोनिया गांधी का मोदी सरकार पर निशाना, “राजनीतिक प्रचार के लिए महात्‍मा गांधी-जवाहरलाल नेहरू को बदनाम करने की हो रही कोशिश

सोनिया गांधी

आरयू वेब टीम। आजादी के 75 साल पूरा होने पर देश जश्न मना रहा है। इस बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को बधाई दी है। साथ ही अपने बयान में मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने राजनीतिक प्रचार को आगे बढ़ाने के लिए नेताओं महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारतीय बलों द्वारा किए गए बलिदानों को कम करने की कोशिश कर रहा है।

सोनिया गांधी ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में देश ने प्रतिभाशाली भारतीयों की कड़ी मेहनत से विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में वैश्विक पहचान बनाई है। पिछले 75 सालों में हमने बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन मौजूदा सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को महत्वहीन साबित करने पर अड़ी है, इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राजनैतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर कोई भी गलत बयानी तथा गांधी, नेहरू, पटेल, आजाद जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कटघरे में खड़े करने के हर प्रयास का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।

यह भी पढ़ें- #IndependenceDay: लालकिले से बोले PM मोदी, अगले 25 साल भारत को सुपर पावर बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण

सोनिया गांधी ने कहा कि भारत ने अपने दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में एक ओर जहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था स्थापित की। वहीं प्रजातंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत बनाया। इसके साथ-साथ भारत ने भाषा, धर्म संप्रदाय की बहुलतावादी कसौटी पर सदैव खरा उतरने वाले एक अग्रणी देश के रूप में अपनी गौरवपूर्ण पहचान बनाई है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का फिर से मजबूत होना लोकतंत्र व समाज के लिए जरूरी: सोनिया गांधी