लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी, आने से पहले पत्र लिखकर कहा परेशानी में है युवा, महिलाएं, किसान व मजदूर

किसान व मजदूर
प्रियंका गांधी का स्‍वागत करते कांग्रेस नेता।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। पूर्वी यूपी की जिम्‍मेदारी संभालने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को दूसरी बार दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंची हैं। यहां आज प्रियंका गांधी ने कांग्रेस ऑफिस पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

वहीं इस मुलाकात से पहले प्रियंका गांधी ने आज उत्तर प्रदेश की जनता को एक खुला पत्र लिखा है। पत्र में उन्‍होंने देश की जनता को मेरी प्‍यारी बहनों और प्‍यारे भाईयों से संबोधित करते हुए कहा है कि मैं कांग्रेस पार्टी की सिपाही के रूप में मेरी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलने की है।

पत्र में उन्होंने यूपी के लोगों से ये भी कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुझे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी दी है। उत्तर प्रदेश के लोगों से मेरा नाता बहुत पुराना है। आज कांग्रेस की सिपाही के रूप में मेरी जिम्मेदारी आपके सबके साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलने की है।

यह भी पढ़ें- भर्ती चंद्रशेखर का हाल जानने पहुंची प्रियंका ने कहा, रोजगार नहीं देने वाली सरकार नौजवानों की आवाज चाहती है कुचलना

वहीं आगे कहा कि प्रदेश की राजनीति में एक ठहराव के कारण आज युवा, महिलाएं, किसान और मजदूर परेशानी में हैं। वे अपनी बात अपनी पीड़ा साझा करना चाहते हैं, लेकिन राजनीतिक गुणा-गणित के शोर में युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज प्रदेश की नीतियों से पूरी तरह गायब है।

मैं इस धरती से आत्मिक रूप से जुड़ी रही हूं। मैं मानती हूं कि प्रदेश में किसी भी राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत आपकी बात सुने बगैर आपकी पीड़ा को साझा किए बगैर नहीं हो सकती है। इसलिए सीधा आपसे एक सच्चा संवाद करने मैं आपके द्वार पर पहुंच रही हूं। अपने लेटर में उन्‍होंने आगे कहा कि मैं आपको विश्‍वास दिलाना चाहती हूं कि आपकी बातों को सुनकर सच्चाई और संकल्प की बुनियाद पर हम राजनीति में परिवर्तन लाएंगे। हम एक साथ मिलकर आपके मुद्दों को हल करने की तरफ बढ़ेंगे।

यह भी पढ़ें- यूपी में जारी है प्रियंका का मैजिक, अब BSP के पूर्व मंत्री सहित पूर्व IAS अफसर ने थामा कांग्रेस का हाथ

कांग्रेस महासचिव ने ये भी लिखा कि मैं जल मार्ग, बस, ट्रेन, पदयात्रा- सभी साधनों के जरिए आपसे संपर्क करूंगी। गंगा सच्चाई और समानता की प्रतीक है और हमारी गंगा-जमुनी संस्कृति का चिन्ह है। वो किसी से भेदभाव नहीं करती है। गंगाजी उत्तर प्रदेश का सहारा है। मैं गंगाजी का सहारा लेकर भी आपके बीच पहुंचुंगी।

यहां बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के आधार को मजबूत करने और लोकसभा चुनाव में अच्छे नतीजे की कोशिश में जुटीं प्रियंका गांधी वाड्रा 18 मार्च से इलाहाबाद से नौका के जरिए ‘गंगा-जमुनी तहजीब यात्रा’ की शुरुआत करेंगी। इसका समापन 19 मार्च को पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगा। इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर राजबब्‍बर समेत कांग्रेस के दिग्‍गज नेताओं ने गुलदस्‍ता देकर प्रियंका गांधी का स्‍वागत किया।

यह भी पढ़ें- प्रियंका-राहुल के वेलकम के लिए लखनऊ की सड़कों पर उमड़ा समर्थकों का सैलाब, लगाएं नारें आ गई बदलाव की आंधी…