राहुल गांधी ने कहा, BJP-RSS ने फैलाई नफरत, “भारत जोड़ो यात्रा” देश बांटने वालों के खिलाफ

भारत जोड़ो यात्रा

आरयू वेब टीम। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तीसरे दिन दोपहर पड़ाव के दौरान राहुल गांधी ने पुलियूरकुरिची में भाजपा-आरएसएस पर न सिर्फ हमला बोला, बल्कि गंभीर आरोप भी लगाए हैं। राहुल गांधी ने कहा संघ और भाजपा ने इस देश में नफरत फैलाई है। यह यात्रा नफरत और देश बांटने वालों के खिलाफ है।

कांग्रेस नेता ने प्रेसवार्ता में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, ‘हमारे लिए भारत जोड़ो यात्रा जनता से जुड़ने की यात्रा है। जो नुकसान भाजपा और आरएसएस की विचारधारा ने इस देश का किया है, जिस तरह उन्होंने देश को बांटा है, नफरत फैलाई है, उसके खिलाफ हमने यह यात्रा निकाली है।

साथ ही आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों पर भाजपा का नियंत्रण है। सीबीआइ और ईडी का रोल सवालों के घेरे में है। देश की मीडिया दबाव में है। मीडिया अब विपक्ष की आवाज को नहीं उठाती है।’

यह भी पढ़ें- 3,570 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा का आगाज कर बोले राहुल गांधी, भाजपा सरकार में खतरे में है हर संस्था

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, ‘यह लड़ाई सिर्फ एक राजनीतिक दल की नहीं हैं। यह लड़ाई इतना आसान भी नहीं है। अधिकांश लोग लड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। वे भाजपा के सामने घुटने टेकने के लिए तैयार हैं, लेकिन मेरा आचरण मुझे सत्ताधारी दल के आगे घुटने टेकने नहीं देता। मैं “आइडिया ऑफ इंडिया” के लिए लड़ता रहूंगा। इस यात्रा का मकसद है कि ग्राउंड पर लोगों के बीच बातचीत हो।’

यह भी पढ़ें- कांग्रेस शनिवार से यूपी में ‘भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा’ की शुरूआत कर योगी सरकार से करेगी संकल्‍प पत्र के वादों को पूरा करने की मांग