कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा, बोले BJP में बड़े-बड़े नेता कर दिए गए साइडलाइन

पटना साहिब
कांग्रेस में शामिल हुुुए शत्रुघ्‍न सिन्‍हा।

आरयू वेब टीम। 

भारतीय जनता पार्टी के बागी नेता के रूप में पहचाने जानें वाले पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने भाजपा के स्‍थापना दिवस के दिन व लोकसभा चुनाव से ठीक पहले शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

इस दौरान प्रेसवार्ता कर मीडिया से बात करते हुए शत्रुघ्न ने नए परिवार और साथियों का धन्यवाद किया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, बीजेपी में बड़े-बड़े नेता साइडलाइन कर दिए गए। आडवाणी जैसे नेताओं को मार्गदर्शन मंडल पर भेज दिया है। उन्होंने कहा कि आज तक मेरे ऊपर कोई आरोप नहीं लगे। शत्रुघ्न सिन्हा  गलती से शक्ति सिंह गोहिल को बीजेपी की रीढ़ की हड्डी बोल गए। इसके बाद उन्होंने कहा कि नई पार्टी में थोड़ा वक्त लगेगा।

यह भी पढ़ें- किसान सभा में शत्रुघ्न ने साधा निशाना, अच्‍छे दिन का सपना दिखाने वाली सरकार ने जनता के ला दिए बुरे दिन

इससे पहले शत्रुघ्न ने आज ट्वीट पर लिखा कि भारी ह्रदय और पीड़ा के मैं अपनी पुरानी पार्टी को अलविदा कहता हूं। इसका कारण सभी को पता है। आज पार्टी के स्थापना दिवस छह अप्रैल को मैं पार्टी से विदा लेता हूं। साथ ही उन्होंने भाजपा को स्थापना दिवस की बधाई दी।

वहीं शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने पर केसी वेनुगोपाल ने कहा कि आज कांग्रेस में सबसे बेहतर पॉलिटिशियन शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अच्छे नेता गलत पार्टी में थे, जो अब सही पार्टी में आए है। वह सप्ताह भर पहले राहुल गांधी से मिले थे और उन्होंने इनका कांग्रेस में स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- ममता का यशवंत और शत्रुघ्‍न सिन्हा से आग्राह, वास्‍तविकता जांचने असम भेजें टीम

यहां बताते चलें कि शत्रुघ्‍न सिन्‍हा 28 मार्च को ही कांग्रेस में शामिल होने वाले थे, लेकिन बिहार में महागठबंधन में सीटों को लेकर फंसे पेच के बीच मामला अटक गया। सिन्हा ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बताया था कि वह छह अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होंगे। सिन्हा ने कहा था कि जल्द ही कांग्रेस में शामिल होने जा रहा हूं, नवरात्र के बाद अच्छी खबर मिलेगी।

यह भी पढ़ें- शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने कहा ‘सिचुएशन कोई भी हो लोकेशन वही रहेगी, पत्‍नी के चुनाव लड़ने को लेकर कही ये बातें