स्वतंत्रता दिवस पर बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश ने किया दस लाख नौकरियों के साथ रोजगार का ऐलान

दस लाख नौकरी

आरयू वेब टीम। बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद से दस लाख नौकरी बड़ा मुद्दा बना हुआ है। वहीं 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य में दस लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने व दस लाख लोगों को रोजगार देने का ऐलान किया।

सीएम नीतीश ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के युवाओं को दस लाख सरकारी नौकरी के अलावा रोजगार भी देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सही है, हम कोशिश कर रहे हैं और हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने जो कहा है वह सही है। इसके लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। हम चाहते हैं लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिले। पहले भी जितने वादे थे वह सब पूरे किए गए। आगे भी बिहार की जनता के लिए काम किया जाएगा।

वहीं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री के ऐलान को ऐतिहासिक बताया है। तेजस्वी यादव ने ट्वीट करके कहा कि अभिभावक आदरणीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान से ऐतिहासिक ऐलान, दस लाख नौकरियों के बाद दस लाख अतिरिक्त नौकरियां दूसरी अन्य व्यवस्थाओं से भी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार ने आठवीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, तेजस्वी बनें डिप्टी सीएम

गौरतलब है कि सीएम नीतीश के इस फैसले को उनके राजनीतिक भविष्य से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल 2020 में तेजस्वी यादव ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया था। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसे असंभव बता रहे थे। अब यदि महागठबंधन सरकार में दस लाख सरकारी नौकरी का वादा पूरा हो जाता तो फैसला नीतीश कुमार के ही खिलाफ जाता। वहीं इस नए ऐलान से नीतीश ने रणनीतिक रूप से बढ़त हासिल करने की कोशिश की है।

यह भी पढ़ें- बोले नीतीश कुमार, 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए हम करेंगे विपक्ष को एकजुट, ED-CBI का दुरुपयोग करने वालों को देख लेगी जनता