नीतीश कुमार ने आठवीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, तेजस्वी बनें डिप्टी सीएम

राजनीतिक रणनीति

आरयू वेब टीम। बिहार में नीतीश कुमार की राजनीतिक रणनीति ने फिर से सबको चौंका दिया है। बुधवार को एक बार फिर से महागठबंधन के साथ मिलकर नीतीश कुमार ने आज आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। नीतीश कुमार के साथ साथ तेजस्वी यादव ने भी बिहार के उप मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली है। राज्यपाल फागु चौहान ने दोनों को राजभवन में शपथ दिलाई।

राज भवन में शपथग्रहण समारोह के बाद तेजस्वी यादव ने पांव छूकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया। नीतीश कुमार ने शपथ लेने के बाद कहा की मैं चुनाव के बाद सीएम नहीं बनना चाहता था। भाजपा के साथ जाने से हमें नुकसान हुआ और पिछले दो महीने से हालात कुछ ठीक नहीं चल रहे थे।

शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व सीएम राबड़ी देवी, तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव सहित कई नेता मौजूद रहे। समारोह के बाद राबड़ी देवी ने सभी को शुभकामना देते हुए कहा कि बिहार और देश की जनता के लिए यह बहुत अच्छा हुआ है। बिहार की जनता बहुत खुश है। वहीं तेज प्रताप यादव ने कहा कि सरकार में नौजवानों के लिए काम करने आए हैं।

यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, नई सरकार का दावा पेश कर कही ये बात

मालूम हो कि राजभवन में मंगलवार को नीतीश कुमार ने विधायकों के समर्थन वाली चिट्ठी राज्यपाल को सौंपा इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनके साथ सात पार्टियों का समर्थन है,जिसमें 164 विधायक हैं। इसके अलावा एक निर्दलीय विधायक का भी उन्हें सपोर्ट है। इससे पहले तेजस्वी यादव ने कहा था की भाजपा का काम सिर्फ छोटे दलों को नष्ट करना है। अब बार बिहार में ऐसा नहीं होगा। बिहार में सभी पार्टियों का हमे समर्थन है।

यह भी पढ़ें- बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने तोड़ा भाजपा से गठबंधन