आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। साथ ही कहा कि मौजूदा भारत का स्वरूप लौह पुरुष सरदार पटेल की देन है। इस दौरान सीएम योगी ने कश्मीर विवाद के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराया। लखनऊ में सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि आज भारत का जो स्वरूप है, उसके शिल्पी के रूप में देश सदैव लौह पुरुष, ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करेगा।
वहीं योगी ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू ने जम्मू-कश्मीर को इतना विवादित करने का कार्य किया कि आजादी के बाद से वह लगातार भारत को डसता रहा। पंडित नेहरू के कारण उसी कश्मीर से देश को उग्रवाद, अलगाववाद प्राप्त हुआ था। देश पीएम नरेंद्र मोदी का आभारी है, जिन्होंने लौहपुरुष व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार करते हुए धारा-370 को समाप्त कर कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए एक देश में एक प्रधान, एक विधान और एक निशान के संकल्प को आगे बढ़ाया।
यह भी पढ़ें- अब UP का फाजिलनगर कहलाएगा ‘पावा नगरी’, CM योगी ने मंच से की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आज पूरा देश लौह पुरुष वल्लभभाई पटेल को याद कर रहा है और देश के प्रति उनकी सेवाओं के लिए कृतज्ञता व्यक्त कर रहा है। उन्होंने सामान्य किसान परिवार में जन्म लिया, उच्च शिक्षा अर्जित की जिसके पीछे के कारण विदेशी हुकूमत की नौकरी करना नहीं बल्कि देश और दुनिया को समझकर अपनी प्रतिभा का लाभ भारत माता के चरणों में समर्पित करना था। उन्होंने आजादी के आंदोलन का नेतृत्व दिया। कई बार जेल की यातनाएं सही। भारत के विभाजन का पुरजोर विरोध भी किया।’
आगे कहा, ‘सभी जानते हैं कि हैदराबाद के निजाम और जूनागढ़ के नवाब नहीं चाहते थे कि वो भारत गणराज्य में शामिल हो। क्योंकि जब भारत आजाद हो रहा था, तो ब्रिटिश हुकूमतों ने इस देश की रियासतों को स्वतंत्रता दी थी कि या तो वो पाकिस्तान या फिर भारत गणराज्य के साथ रहे। अन्यथा वो अपना स्वतंत्र अस्तित्व बनाए रखे। लेकिन सरदार पटेल ने जूनागढ़ और हैदराबाद को भारत गणराज्य का हिस्सा रक्तहीन क्रांति के माध्यम से बनाया। सरदार पटेल की केवल सूझबूझ से ही ये दोनों रियासतें भारत गणराज्य का हिस्सा बनीं। जूनागढ़ के नवाब और हैदराबाद के निजाम को देश छोड़कर भागना पड़ा।
हमला जारी रखते हुए सीएम ने कहा, ‘जम्मू- कश्मीर जवाहर लाल नेहरू के हाथों में था, लेकिन उन्होंने जम्मू-कश्मीर को इतना विवादित किया कि वह आजादी के बाद तक भारत को डसता रहा है। ये उग्रवाद, अलगाववाद उसी कश्मीर से पंडित नेहरू की वजह से देश को मिला।
इस दौरान योगी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये देश प्रधानमंत्री मोदी का आभारी है, जिन्होंने धारा 370 हटाकर कश्मीर को भारत गणराज्य का हिस्सा बनाने के लिए देश में एक प्रधान और एक निशान के संकल्प को आगे बढ़ाया।




















