कांग्रेस ने जयंती पर जवाहरलाल नेहरू को अर्पित की श्रद्धांजलि, कही ये बातें

जवाहरलाल नेहरू

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य नेताओं ने शांति वन पहुंचकर जवाहरलाल नेहरू की समाधि पर पुष्प अर्पित किए। जबकि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर याद कर कहा कि उन्होंने देश को एक नई दिशा दी।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टकर कहा कि, “भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने दूरदर्शी और निडर नेतृत्व से स्वतंत्र भारत में संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों की नींव रखी और देश को एक नई दिशा प्रदान की। उनके आदर्श और मूल्य आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। ‘हिंद के जवाहर’ को जयंती पर सादर नमन।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पोस्ट में कहा कि, “पंडित जवाहरलाल नेहरू की विरासत एक शाश्वत प्रकाश स्तंभ की तरह है, जो भारत के विचार और उनके द्वारा पोषित मूल्यों-स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच-को प्रकाशित करती है। उनकी दूरदर्शिता हमारी अंतरात्मा को प्रेरित करती है और हमारे सामूहिक कार्यों को आकार देती है। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, एक ऐसे नेता को श्रद्धांजलि, जिन्होंने सत्य, एकता और शांति को गहराई से संजोया। हमारे देश के भविष्य के लिए बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

कांग्रेस पार्टी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि। आधुनिक भारत के दूरदर्शी निर्माता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच के उनके आदर्श आज भी राष्ट्र को विकास और तकनीकी प्रगति की ओर अग्रसर कर रहे हैं। उनकी विरासत हमारे लिए मार्गदर्शक बनी हुई है।”

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पोस्ट में कहा कि, “बाल दिवस के उपलक्ष्य में सभी बच्चों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देश का भविष्य आप के ऊपर निर्भर है। आप सभी के अच्छे स्वास्थ्य, अच्छी शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। काबिल बनें एवं देश का नाम रोशन करें।”

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज उस व्यक्ति की 136वीं जयंती है जिसकी गूंज अब भी पूरी दुनिया में सुनाई देती है, लेकिन आधुनिक भारत के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को प्रधानमंत्री और उनकी टोली द्वारा नकारने, बदनाम करने, विकृत करने और नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है।” उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू की विरासत और उनकी उपलब्धियों पर किए जा रहे हमले के बावजूद उन्हें मिटाया नहीं जा सकता।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी का गंभीर आरोप, संविधान पर हो रहा सीधा हमला, इसमें प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह व चुनाव आयोग की मिलीभगत

साथ ही कहा, “जो लोग 20वीं सदी के हमारे इतिहास से उन्हें मिटाने पर तुले हुए हैं, वे दरअसल अपनी ही गहरी असुरक्षाओं और हीनभावना को प्रकट कर रहे हैं।” नेहरू का जन्म 1889 में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। वह देश के स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी चेहरों में से एक थे और आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री थे। नेहरू ने 27 मई 1964 को अंतिम सांस ली।

कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने एक्स पोस्ट में कहा कि, “पहले आधुनिक भारत का ख्वाब देखना और फिर उसे लोकतांत्रिक सांचे में ढालकर हकीकत में बदल देने वाली शख़्सियत, देश के सबसे बड़े प्रगतिशील नेता पंडित जवाहर लाल नेहरू को यौमे पैदाइश पर खिराज-ए-अकीदत।”

यह भी पढ़ें- 56 इंच की छाती वाले डरपोक, अडानी-अंबानी के हाथ में है कंट्रोल, राहुल ने साधा मोदी पर निशाना