कांग्रेस विधायक को ED ने किया गिरफ्तार, करोड़ों की सट्टेबाजी का लगा आरोप

कांग्रेस विधायक
कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। कर्नाटक के चित्रदुर्ग से कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र उर्फ ‘पप्पी’ को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। विधायक पर आरोप है कि वे सिक्किम से जुड़ी एक अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी रैकेट में शामिल थे। गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत हुई। ये कार्रवाई ईडी की कई राज्यों में चली छापेमारी के बाद सामने आई।

एजेंसी के अनुसार, विधायक अपने सहयोगियों के साथ गंगटोक एक कैसीनो लीज पर लेने के लिए गए थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गंगटोक की अदालत में पेश किया गया और बेंगलुरु की अदालत में पेशी के लिए ट्रांजिट रिमांड लिया गया। ईडी का बेंगलुरु क्षेत्रीय कार्यालय इस मामले की गहन जांच में जुट गई।

ईडी की कार्रवाई सिर्फ विधायक तक सीमित नहीं रही। छापेमारी के दौरान उनके भाई के.सी. नागराज, बेटे पृथ्वी एन. राज और अन्य रिश्तेदारों के ठिकानों से भी कई अहम दस्तावेज बरामद हुए। जांच एजेंसी का कहना है कि उनके एक और भाई, के.सी. थिप्पेस्वामी, दुबई से ऑनलाइन गेमिंग नेटवर्क चला रहे थे। इससे पूरे रैकेट की अंतरराष्ट्रीय पहुंच स्पष्ट होती है।

वहीं ईडी ने जिन 30 ठिकानों पर छापेमारी की, उनमें बेंगलुरु, चित्रदुर्ग, मुंबई, गोवा, जोधपुर और हुबली शामिल हैं। इस दौरान पांच प्रमुख कैसीनो—पपीज कैसीनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसीनो, पपीज कैसीनो प्राइड, ओशन सात कैसीनो और बिग डैडी कैसीनो की जांच भी की गई। जांच से पता चला कि विधायक और उनके सहयोगी किंग567, राजा567, पपीज003 और रत्ना गेमिंग जैसी अवैध सट्टेबाजी वेबसाइट संचालित कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- बेटिंग एप मामले में ED ऑफिस पहुंचे सुरेश रैना, दर्ज कराया बयान

दरअसल ईडी ने शुक्रवार को अलग-अलग राज्यों में हुई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संपत्ति जब्त की
इसमें करीब 12 करोड़ रुपये नकद, एक करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा, छह करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, दस किलो चांदी और चार लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। इन बरामद संपत्तियों से जांच एजेंसी को सट्टेबाजी नेटवर्क के पैमाने और इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का अंदाजा हुआ।

50 वर्षीय केसी वीरेंद्र कर्नाटक के चित्रदुर्ग से कांग्रेस विधायक हैं और स्थानीय राजनीति में ‘पप्पी’ नाम से पहचाने जाते हैं। वे लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और कांग्रेस पार्टी से जुड़े प्रभावशाली चेहरों में गिने जाते हैं। अब उन पर लगे अवैध सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों ने उनकी राजनीतिक छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- अनिल अंबानी की बढ़ी मुश्किल, 17 हजार करोड़ लोन धोखाधड़ी केस में ED ने किया तलब