महाराष्‍ट्र: कोरोना के बढ़ते केस के बाद अब ठाणे में 31 मार्च तक रहेगा लॉकडाउन

वीकेंड कर्फ्यू
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा। यही वजह है कि अब मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में सख्ती बढ़ा दी गई है और कोरोना के केसेज की वजह से एक बार फिर से महाराष्ट्र के कई शहरों में लॉकडाउन लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में ठाणे में लगातार सामने आते मामलों को देखते हुए यहां के कोरोना हॉटस्पॉट वाले इलाकों में 31 मार्च तक लॉकडाउन लगा दिया गया है, जो नौ मार्च से लागू हो गया है।

ठाणे नगर निगम की ओर से इस बारे में आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है और स्‍थानीय निवासियों को नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है। ठाणे में अब तक 16 क्षेत्रों को हॉटस्पॉट के रूप में पहचाना गया है। महाराष्ट्र सरकार ने इसे ‘मिशन स्टार्ट अगेन’ नाम दिया है। सरकार के बनाए नियमों के अनुसार, हॉटस्पॉट के बाहर के क्षेत्रों में गतिविधियों की अनुमति होगी।

जिला प्रशासन की तरफ से दिए गए निर्देश में कहा गया है कि लॉकडाउन ठीक उसी तरह रहेगा, जैसे कि पहले लागू था। वहीं महाराष्ट्र सरकार के मंत्री असलम शेख ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर आठ से दस दिनों में कोरोना के मामलों में कमी नहीं आई तो मुंबई में लॉकडाउन लगा दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- COVID-19: महाराष्ट्र में कोरोना की बढ़ती मार, कर्फ्यू लगा सकती है सरकार

बता दें कि ठाणे में कोविड-19 के 780 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,69,845 हो गई है। अधिकारी ने बताया कि संक्रमण से तीन और लोगों की मौत होने से जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 6,302 हो गयी है। उन्होंने बताया कि जिले में कोविड-19 के कारण मृत्यु दर 2.34 प्रतिशत है।

वहीं कोरोना के रोजाना केसों में बढ़ोतरी के बीच मुंबई में पिछले महीने की तुलना में एक्टिव केसों की संख्या में लगभग 89 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अंधेरी (पश्चिम), चेंबूर, गोवंडी सहित आठ सिविक वार्ड में सबसे अधिक कोरोना केस दर्ज किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अब कोविड-19 कि चपेट में आए महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री