आरयू वेब टीम। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट एलएक्स147 के टेकऑफ के दौरान खराबी आ गई। जिसके बाद इंजन में आग लग गई, हालांकि समय रहते पायलट की सूझबूझ से टेकऑफ रोक दिया गया। इससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई, लेकिन छह यात्री घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक,स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट एलएक्स147, जो दिल्ली से ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाली थी। फ्लाइट रनवे पर टेकऑफ की प्रक्रिया में थी। तभी विमान के एक इंजन में खराबी आई और उसमें आग लग गई। स्थिति गंभीर होते देख पायलट ने तुरंत टेकऑफ को रद्द कर दिया और आपातकालीन निकासी करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि इस घटना में छह यात्री घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को तुरंत इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एयरलाइन के अनुसार, कुछ यात्रियों को सीढ़ियों की मदद से बाहर लाया गया, क्योंकि वे स्लाइड का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन क्रू मेंबर्स ने स्थिति को संभाल लिया। अफसरों ने बताया कि एयरबस ए330 विमान संख्या एलएक्स147 ने सुबह 1.08 बजे उड़ान भरना शुरू किया, तभी उसका एक इंजन फेल हो गया और आग लग गई। राहत की बात यह है कि विमान के सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। विमान में कुल 228 यात्री और चार बच्चे सवार थे।
एसडब्लूआइएसएस एयरलाइन ने आधिकारिक बयान में कहा कि फ्लाइट एलएक्स147 से जुड़ी एक घटना दिल्ली में हुई। यह विमान एयरबस A330 था। विमान में 228 यात्री और चार शिशु सवार थे। एयरलाइन ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बना दी है। बयान में बताया गया कि उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद, रात करीब एक बजे विमान के एक इंजन में समस्या आ गई। इसके बाद पायलट ने सुरक्षा के तौर पर उड़ान रोक दी और विमान को खाली कराने का फैसला लिया।
यह भी पढ़ें- यात्रियों को ला रही इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
बयान में आगे कहा गया है किएयरलाइन की स्थानीय टीम यात्रियों की मदद कर रही है और उनके लिए नई फ्लाइट या होटल में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। सभी यात्रियों से संपर्क बनाए रखा जा रहा है। वहीं यात्रियों को जल्द आगे की यात्रा के विकल्प देने की कोशिश की जा रही है। एयरलाइन ने कहा कि इस घटना की पूरी जांच की जाएगी। तकनीकी विशेषज्ञ दिल्ली आकर विमान की जांच करेंगे।




















