झूठी है दिल्‍ली की सरकार, विकास के नाम पर कभी पकड़ाती है झाड़ू तो कभी करवाती है योगा: अखिलेश

cm in sultanpur
सुल्तानपुर में जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव। फोटो- आरयू

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने आज सुल्‍तानपुर से विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। अपनी पहली चुनावी जनसभा मे सीएम ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही मोदी सरकार पर जमकर हमला किया।

सपा अध्‍यक्ष ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्‍तर प्रदेश को आगे समाजवादी ही बढ़ाएंगे। नए घोषणा पत्र से प्रदेश नई ऊंचाईयों को छूएगा। सपा ने गरीबों के साथ ही किसान, नौजवान व अल्‍पसंख्‍यकों समेत सबके बेहतर भविष्‍य तमाम योजनाएं लागू की गई।

प्रदेश की जनता ने साइकिल के पक्ष में मन बना लिया है। कांग्रेस का साथ मिलने से अब हम तीन सौ से ज्‍यादा सीटें जीतेंगे। सपा की कथनी और करनी में फर्क नहीं होता चुनावी घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।

मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए अखिलेश ने कहा कि दिल्‍ली की सरकार ने अच्‍छे दिन का झूठा नारा देकर जनता को धोखा देने के साथ ही भ्रमित भी किया है। वह विकास के नाम पर जनता को बेवकूफ बनाकर कभी झाड़ू पकड़ा देती है तो कभी योगा करवाने लगती है। आखिर कहां गए अच्‍छे दिन।

लगातार इस तरह की हरकतों को अब जनता समझने लगी है। विधानसभा चुनाव में अब वह जवाब देगी। इसके साथ ही नोटबंदी पर हुई जनता को दिक्‍कतों को भी याद दिलाते हुए उन्‍होंने इसे मोदी सरकार की नाकामी और साजिश बताया। सीएम की पहली जनसभा में जबरदस्‍त भीड़ उमड़ी।