चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसानों को सम्मानित कर बोले योगी, हमने किसानों को किया मालामाल

चौधरी चरण सिंह

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। भाजपा ने हमेशा ही किसानों का सम्मान किया है। देश के अंनदाता को सदैव ही शीर्ष वरीयता पर रखा है। किसानों के लिए हम सूबे में लगातार लाभकारी योजना तैयार कर रहे हैं। हमने वैज्ञानिक तरीके की कृषि को शीर्ष वरीयता देने के साथ ही सूबे के किसानों को पारंगत करने के लिए उनको वैज्ञानिकों के बीच आमंत्रित भी किया है। हम तो समय-समय पर किसान गोष्ठी का आयोजन करते हैं।

उक्‍त बातें मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने चौधरी चरण सिंह की 117वीं जयंती पर विधान भवन प्रांगण में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कही। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की पिछली सरकारों ने किसानों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन हमने किसानों को उनकी फसल का अच्छा दाम दिलाकर मालामाल किया है।

यह भी पढ़ें- हमारी सरकार ने किसानों के लिए मुहैया कराई करोड़ों रुपये की योजनाएं: CM योगी

वहीं चौधरी चरण सिंह की जयंती पर योगी ने विधान भवन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद थे। चौधरी चरण सिंह की जयंती पर प्रदेश में किसान सम्मान दिवस मनाया जा रहा है। आज विधान भवन परिसर में इकट्ठा किसानों को सम्मान के साथ किसान कृषि कैलेंडर भी दिया गया।

यह भी पढ़ें- किसानों के सहयोग से दुनिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय जेवर एयरपोर्ट का होगा निमार्ण: CM योगी

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जगह-जगह हो रहे विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सरकार ने सभी मंत्रियों के दौरे और कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को अपने निर्वाचन क्षेत्र या राजधानी लखनऊ में रहने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- बोले स्‍वतंत्र देव, मोदी-योगी सरकार दे रही उपेक्षित किसानों को उनका हक