आरयू वेब टीम। देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है। खुफिया तंत्रों की मानें तो लश्कर के आतंकी लाल किले के आस-पास धमाके की साजिश रच रहे हैं। आतंकियों के निशाने पर खासकर चांदनी चौक का प्रमुख मंदिर है।
सूत्रों के अनुसार, आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा आइईडी हमले की योजना बना रहा है। बताया जा रहा है कि छह फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह संगठन भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। वहीं सुरक्षा एजेंसियों को जैसे ही इनपुट मिला वैसे ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है. इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दूसरी तरफ संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों की मानें तो लश्कर के आतंकी देश के बड़े मंदिर को निशाना बना सकते हैं। खासतौर पर दिल्ली के चांदनी का मंदिर उनके निशाने पर हो सकता है। फिलहाल किसी भी तरह के संभावित खतरे को देखते हुए इससे निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में आर्मी बेस के पास आतंकी हमला, जवान घायल
दरअसल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में छह फरवरी को जुमे की नमाज के दौरान ब्लास्ट हुआ था। इस हमले में दर्जों लोगों की मौत हुई थी। इसके साथ ही कई लोग गंभीर तौर पर घायल हुए थे। धमाका इस्लामाबाद के शहजाद टाउन इलाके में स्थित टेरलाई इमाम बारगाह में हुआ था। यहां जुमे की नमाज अदा की जा रही थी। उसी समय आत्मघाती हमलावर ने खुद को अंदर आने के बाद गेट के पास उड़ा लिया।




















