दिल्ली में डॉक्‍टर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में AAP विधायक को बताया मौत का जिम्‍मेदार

डॉक्‍टर ने की आत्महत्या
डॉ राजेंद्र सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नेब सराय इलाके में एक चिकित्सक ने शनिवार की सुबह कथित रूप से आत्महत्या कर ली। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जरवाल को इसके लिए जिम्मेदार बताया है। इस मामले में पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने देवली से आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जारवाल के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

दिल्ली पुलिस ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि आज सुबह छह बजकर 17 मिनट पर एक पीसीआर कॉल मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे। यहां पर पता चला कि खुदकुशी करने वाले शख्स का नाम डॉ राजेंद्र सिंह है। राजेंद्र सिंह दिल्ली के दुर्गा विहार के रहने वाले थे। उनकी उम्र 52 साल थी। पुलिस के मुताबिक उन्होंने अपने घर के छत पर खुदकुशी की। पुलिस का कहना है कि आज तड़के उन्होंने एक रस्सी के जरिए फांसी लगा ली. सुबह लगभग 5.30 बजे एक किराएदार ने इस घटना की जानकारी घरवालों को दी। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं पुलिस को मिले सुसाइड नोट में डॉक्टर ने लिखा है कि उसे स्थानीय विधायक की ओर से लगातार परेशान किया जा रहा था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने आप एमएलए प्रकाश जारवाल, कपिल नगर और अन्य के खिलाफ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें- मजदूरों के पलायन पर CM केजरीवाल की अपील, कोरोना के डर से न छोड़ें दिल्ली, सरकार की तैयारी पूरी

डॉ राजेंद्र सिंह के पुत्र हेमंत ने पुलिस को बताया कि उसके पिता क्लिनिक चलाते थे और पानी की सप्लाई के काम में भी लगे हुए थे। हेमंत ने कहा कि उसके पिता को आप विधायक प्रकाश जारवाल और उसके लोग परेशान करते थे। उसकी शिकायत पर पुलिस ने धन वसूली, आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। डॉक्टर राजेंद्र के परिजनों ने फोन पर धमकी का एक ऑडियो भी पुलिस को सौंपा है। इस ऑडियो में कथित रूप से विधायक जारवाल की आवाज होने का दावा किया गया है।

वहीं आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जारवाल ने कहा है कि पैसे से जुड़ा कुछ मामला तो था जरूर, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि डॉक्टर राजेंद्र इतना बड़ा कदम उठा लेंगे। विधायक प्रकाश जारवाल ने आजतक से बातचीत में कहा कि वे डॉक्टर के इस कदम से काफी दुखी हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे काफी दुख है डॉक्टर साहब द्वारा इस तरह खुदकुशी करना बहुत ही गलत निर्णय है, उन्हें अगर कोई समस्या तो थी हमसे आकर मिलते जहां तक मुझे जानकारी है उन्होंने मार्केट के लोगो सेकई वर्षों से करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपया उधार ले रखा था। उनका मानसिक संतुलन ठीक नही था। पुलिस अब इस केस की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- लॉकडाउन के दौरान 14 जापानी टूरिस्ट आ रहे थे दिल्ली, पुलिस ने UP बॉर्डर पर बस को रोका