दिल्ली MCD चुनाव जीतने वाले कांग्रेस के दो नवनिर्वाचित पार्षद ‘आप’ में शामिल

पार्षद आप में शामिल

आरयू वेब टीम। दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के तीसरे दिन कांग्रेस को झटका लगा है। शुक्रवार को कांग्रेस के दो पार्षदों ने पार्टी छोड़ दी और आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली है। दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेंहदी के अलावा बृजपुरी वार्ड से कांग्रेस पार्षद नाजिया खातून और मुस्तफाबाद वार्ड से पार्षद सबिला बेगम ने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली है।

आप के नगर निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक ने दोनों कांग्रेस पार्षदों और एक कांग्रेस नेता को पार्टी जॉइन करवाई है। दुर्गेश पाठक से पूछा गया कि क्या ‘ऑपरेशन लोटस’ के डर से संख्या बढ़ाई जा रही है? इस पर उन्होंने कहा कि संख्या के मामले में हम काफी आगे हैं। अब भाजपा ने भी मान लिया है कि हम विपक्ष में बैठेंगे। (पार्षदों को साधने के लिए) प्रयास किए गए थे, लेकिन अब उन्होंने मान लिया है कि एमसीडी में वे विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। जो भी दिल्ली के लिए काम करना चाहता है वह हमसे जुड़ सकता है।

साथ ही कहा कि मैं सभी भाजपा और कांग्रेस पार्षदों से भी हमारा समर्थन करने का आग्रह करता हूं। चलिए साथ मिलकर काम करेंगे। हम सुनिश्चित करेंगे कि आपको विकास निधि के लिए धन मिले। मुस्तफाबाद में लोग अपनी व्यक्तिगत छवि पर चुने गए थे। मुस्तफाबाद से चुने गए दो कांग्रेसी पार्षद अपनी छवि के बल पर जीते हैं। उन्होंने कहा कि अली मेहंदी दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष रहे हैं। उनके साथ दो कांग्रेस पार्षद सबिला बेगम (मुस्तफाबाद) और नाजिया खातून (बृजपुरी) आप में शामिल हुए हैं।

बृजपुरी वार्ड से नाजिया खातून को 9639 वोट मिले थे। उन्होंने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार अरफीन नाज को हराया था। अरफीन को 7521 वोट मिले थे। नाजिया ने 2118 वोटों से पार्षद का चुनाव जीता है। वहीं, मुस्तफाबाद वार्ड से कांग्रेस की सबिला बेगम ने चुनाव जीता था। उन्होंने ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम की उम्मीदवार सरबरी बेगम को हराया था। सबिला बेगम को 14921 वोट मिले थे, जबकि सरबरी ने 8339 वोट हासिल किए थे। सबिला बेगम ने ये चुनाव 6582 वोटों से जीता था।

यह भी पढ़ें- MCD चुनाव के लिए वोटिंग खत्म, EVM में कैद हुई उम्मीदवारों की किस्मत, सात दिसंबर को आएंगे नतीजे

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने एमसीडी का चुनाव जीता है। आप ने 250 में से 134 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि भाजपा को 104 वार्डों में जीत मिली है। कांग्रेस ने नौ सीटें जीती थीं। तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है। अब कांग्रेस के दो पार्षदों ने साथ छोड़ दिया है। ऐसे में एमसीडी में कांग्रेस के सात पार्षद ही रह जाएंगे। मुस्तफाबाद विधानसभा से कांग्रेस ने दो वार्ड जीते थे।

बता दें कि 15 साल से एमसीडी में काबिज भाजपा ने सत्ता गंवा दी है। तीन बार से दिल्ली विधानसभा में जीत रही आप पहली बार एमसीडी में जीत हासिल करने में सफल हुई है। एमसीडी  की 250 सीटों पर चार दिसंबर को मतदान हुआ था। इन चुनाव में 250 वार्ड में कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें से 382 प्रत्याशी निर्दलीय थे। भाजपा और आप ने सभी 250 सीटों पर अपने-अपने कैंडिडेट्स उतारे थे, जबकि कांग्रेस ने 247 उम्मीदवार ही चुनावी मैदान में उतारे थे।

यह भी पढ़ें- #MCDElections2022: परिवार के साथ मतदान कर बोले केजरीवाल, कट्टर ईमानदार व शरीफ उम्‍मीदवारों को दें वोट