भड़काऊ नारा लगाने के मामले में दिल्ली पुलिस अश्विनी उपाध्याय समेत छह को हिरासत में लिया

भड़काऊ भाषण

आरयू वेब टीम। दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुस्लिम विरोधी नारेबाजी और भड़काऊ टिप्पणी के मामले में दिल्ली पुलिस ने काफी किरकिरी कराने के बाद एक्शन लिया है। इस मामले में भाजपा नेता अश्वनी उपाध्याय समेत छह लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोप है कि जंतर-मंतर पर भारत छोड़ो आंदोलन की सालगिरह पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें विवादित नारेबाजी और भड़काऊ भाषण दिए गए, न सिर्फ इतना बल्कि बेहद आपत्त्तिजनक नारों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर दिल्‍ली पुलिस की सक्रियता और मंशा पर सवाल उठा रहे थे।

वहीं अब डीसीपी दीपक यादव के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्वनी उपाध्याय समेत छह लोगों को दिल्ली पुलिस कस्टडी में लेकर इन सभी से चाणक्‍यपुरी थाने में पूछताछ की जा रही। हिरासत में लिए गए लोगों में भाजपा नेता अश्विनी उपाध्‍याय के अलावा दीपक सिंह, विनोद शर्मा, दीपक, विनीत क्रांति और प्रीत सिंह शामिल हैं।

मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान ने भी बीते सोमवार को अश्विनी उपाध्याय के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। अश्विनी उपाध्याय भोर करीब तीन बजे के करीब कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने कहा है कि नारे लगाने वालों को नहीं जानता हूं। वीडियो की जांच की जाए और सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

बता दें कि दिल्ली पुलिस ने कहा था कि घटना में शामिल अश्विनी उपाध्याय और अन्य को गिरफ्तार किया जाएगा। दिल्ली पुलिस कह रही है कि किसी भी तरह के सांप्रदायिक विद्वेष को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान ने अश्विनी उपाध्याय के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने के बाद ट्वीट करते हुए कहा था कि देश की राजधानी दिल्ली में संसद से कुछ ही दूर पर एक वर्ग को खुलेआम काटने की धमकी देने वाले गुर्गों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत कर एनएसए और यूएपीए के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है। सबूत सामने होते हुए भी कार्रवाई में देरी आखिर क्यों हो रही है?

यह भी पढ़ें- फेक न्यूज व भड़काऊ भाषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र और ट्विटर को भेजा नोटिस

अश्विनी उपाध्याय ने पुलिस कमिश्नर को एक पत्र लिखकर सफाई दी। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि 15 अगस्त की तरह आठ अगस्त भी एक ऐतिहासिक दिन है। आठ अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन शुरू किया गया था। इस ऐतिहासिक दिवस की वर्षगांठ मनाने के लिए ही आठ अगस्त को जंतर-मंतर पर सेव इंडिया फाउंडेशन द्वारा एक छोटा सा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रीत सिंह संस्था के अध्यक्ष और अरविंद त्यागी इसके महामंत्री हैं। मैं इस संस्था का पदाधिकारी नहीं हूं। ये कोई राजनीतिक, सामाजिक या धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि 15 अगस्त की तरह ऐतिहासिक भारत छोड़ो आंदोलन को याद करने के लिए आयोजित किया गया था।

यह भी पढ़ें- दिल्ली हिंसा मामले में भड़काऊ भाषण देने वाले भाजपा नेताओं पर FIR का आदेश देने वाले जज मुरलीधर का तबादला