मुंबई जा रही एयर इंडिया फ्लाइट खराबी के चलते लौटी वापस, यात्रियों में मचा हड़कंप

एयर इंडिया

आरयू वेब टीम। मुंबई के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-887 को तकनीकी खराबी के चलते वापस दिल्ली लौटना पड़ा। जिसके बाद फ्लाइट की इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि क्रू मेंबर ने समझा-बुझाकर यात्रियों को शांत कराया।

मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली से मुंबई जाने वाली AI887 फ्लाइट (बोइंग 777-300ER) के टेक ऑफ के बाद इंजन नंबर -2 में ऑयल प्रेशर जीरो हो गया, जिसके बाद पायलट ने आनन-फानन में इमरजेंसी लैंडिंग के लिए दिल्ली वापस अथॉरिटी को संपर्क किया। विमान में इमरजेंसी की सूचना पर एयरपोर्ट पर कर्मचारियों ने विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी। कुछ ही देर हवा में रहने के बाद फ्लाइट को सुबह 7:47 बजे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान के अचानक वापस दिल्ली लौटने पर यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित तरीके से फ्लाइट से बाहर निकाल लिया गया। फ्लाइट में क्रू समेत 337 पैसेंजर सवार थे

एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, 22 दिसंबर को दिल्ली से मुंबई जाने वाली फ्लाइट AI 887 के क्रू ने  स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत एक टेक्निकल दिक्कत की वजह से टेक-ऑफ के तुरंत बाद दिल्ली लौटने का निर्णय लिया। विमान दिल्ली में सुरक्षित लैंड कर गया है। एयर इंडिया ने इसके लिए माफी भी मांगी है। एयरलाइन ने जानकारी दी है कि विमान की जरूरी जांच हो रही है। दिल्ली में एअर इंडिया की ग्राउंड टीम यात्रियों को तुरंत सहायता पहुंचा रही है। उन्हें जल्द डेस्टिनेशन पहुंचाने की व्यवस्था हो रही है।

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी, वापस करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

मालूम हो कि 12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट 171, बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद से लंदन जाते वक्त हादसे का शिकार हो गया था। यह टेक-ऑफ के बाद अचानक नीचे की तरफ गिरने लगा था। बाद में प्लेन क्रैश हो गया था। विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर मौजूद थे, इसमें मात्र एक शख्स की जान बच पाई थी।

यह भी पढ़ें- जेद्दा से 160 यात्रियों को लेकर केरल आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट का फटा टायर, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा