आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से चर्चा में है। फिल्म में दिखाई गई घटनाओं और किरदारों, जिसमें खासा विवाद फिल्म में अतीफ अहमद का किरदार उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद अतीक अहमद से मेल खाता है, जिसकी शक्ल-सूरत अतीक अहमद से काफी मेल खाती है। इसपर समाजवादी पार्टी के सांसद अफजल अंसारी ने ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स पर बॉक्स ऑफिस पर पैसा कमाने के लिए एक वास्तविक व्यक्ति की जिंदगी और उसके नाम का फायदा उठाने का आरोप लगाया है।
मीडिया से बात करते हुए अफजल ने कहा, फिल्म इंडस्ट्री अपनी मनगढ़ंत कहानियां गढ़ती है। स्क्रिप्ट सच्ची घटनाओं पर आधारित नहीं होती। वो डिस्क्लेमर जारी करते हैं। उन्हें सिर्फ इस बात की चिंता रहती है कि उनकी फिल्म कितनी सफल होगी। जब उन्हें फायदा उठाना होता है, फिल्म के टिकट बेचने होते हैं और सरकार से राहत पानी होती है, तो वे किसी का भी नाम उछाल सकते हैं।
उन्होंने अतीक अहमद से प्रेरित किरदार को इस तरह पेश किया जैसे उसे आइएसआइ एजेंट घोषित कर दिया हो। अतीक अहमद अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन जो लोग जिन्दा हैं, उन्होंने यहां एक झूठी ‘बैकुंठ’ रची और दाऊद इब्राहिम के साथ मिलकर अपराध को अंजाम दिया, उन पर कोई फिल्म नहीं बन रही है, इसलिए जनता यह सब समझ सकती है।”
फिल्म की रिलीज के बाद से ही, कुछ लोगों का मानना है कि आतिफ अहमद का किरदार उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद अतीक अहमद पर आधारित है, जिनकी 2023 में पुलिस के पहरे में मीडिया के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फिल्म में आतिफ को पाकिस्तान की आइएसआइ और बड़े साहब (अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम) के साथ काम करते हुए दिखाया गया है।
यह भी पढ़ें- अफजाल अंसारी ने की RSS प्रमुख मोहन की तारीफ, तो प्रधानमंत्री व सीएम योगी पर भी कसा तंज
गौरतलब है कि ‘धुरंधर द रिवेंज’ के अहम किरदार अतीफ अहमद को पर्दे पर एक्टर सलीम सिद्दीकी ने दिखाया है। सिर्फ एक्टिंग ही नहीं उनके लुक, बात करने का तरीका, पहनावा, चाल-ढाल और बोली को देखने के बाद असली अतीक और सिनेमा के अतीफ में फर्क कर पाना आसान नहीं है। वहीं इस फिल्म में कई काल्पनिक कहानियों के साथ-साथ वास्तविक घटनाओं को भी दिखाया गया है, जिनमें 1999 कांधार हाईजैक, 26/11 मुंबई धमाके, 2016 की नोटबंदी जैसी घटनाएं शामिल हैं।




















