आरयू ब्यूरो
लखनऊ। महिला सुरक्षा संबंधी लखनऊ पुलिस के लाख दावे एक बार फिर हवा हो गए। आज शाम हैवान ने कक्षा एक में पढ़ने वाली बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दरिंदगी कर डाली। रात करीब नौ बजे आशियाना थाने के पास बच्ची के खून से लथपथ मिलने पर घरवालों को इसकी जानकारी हुई।
सूचना पाकर स्थानीय पुलिस के साथ ही डीआईजी प्रवीण कुमार ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। गंभीर हालत में बच्ची का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। पीडि़त बच्ची ने पुलिस को हैवान की उम्र 25 साल के आसपास बताई है।
साथ ही कहा कि वह उसे टॉफी दिलाने के बहाने जंगल में ले गया और वहीं उसके साथ गलत काम किया। आशियाना निवासी बच्ची के पिता सरकारी नौकरी करते हैं, जबकि करीब सात वर्षीय बच्ची शहर के एक बड़े स्कूल में कक्षा एक की छात्रा है।
डीआईजी ने घटना के पीछे क्षेत्र के ही किसी युवक के हाथ होने की आशंका जताई है। बच्ची के घरवालों में आशियाना पुलिस के प्रति काफी रोष है, परिजनों ने मीडिया को बताया कि बच्ची शाम करीब साढ़े पांच बजे लापता हुई थी।
उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी थी, लेकिन उसने सक्रियता नहीं दिखाई। पुलिस अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अब उसकी तलाश कर रही है।




















