कोर्ट ने ED को दी संजय सिंह की पांच दिनों की रिमांड तो आप सांसद ने कहा, अडानी के नौकर से नहीं डरता, जितना अत्‍याचार करना है करे

संजय सिंह की रिमांड
मीडिया के सवालों का जवाब देते संजय सिंह।

आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी के नेता व सांसद संजय सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में गुरुवार को पेश किया गया। संजय सिंह को दिल्ली एक्साइज पॉलिसी केस में उनके आवास पर ईडी की छापेमारी के बाद कल शाम गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट में ईडी और संजय सिंह के वकील के बीच ढाई घंटे तक बहस चली। इसके बाद कोर्ट ने ईडी को पांच दिन की रिमांड दे दी।

कोर्ट ने संजय सिंह को दस अक्टूबर तक ईडी की कस्टडी में भेजा है। जिसके बाद ईडी दस अक्टूबर को दोपहर दो बजे उन्‍हें कोर्ट में पेश करेगी। वही कोर्ट से बाहर निकलते वक्त संजय सिंह ने कहा- नरेंद्र मोदी अडानी के नौकर हैं। अडानी के नौकर से हम डरते नहीं। जितना अत्याचार करना है करें, कोई दिक्कत नहीं है। ये पूरा झूठा आरोप है।

इससे पहले कोर्ट में पेशी के दौरान संजय सिंह मीडिया से घिरे नजर आए। उन्होंने इस दौरान कहा- ”मोदीजी हारेंगे, वे चुनाव हार रहे हैं इसलिए ऐसा किया जा रहा है।” वहीं मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में संजय सिंह के वकील मोहित माथुर ने कहा कि उन्हें बिना आधार के अरेस्ट किया गया है। वकील ने ईडी से रिमांड कॉपी की भी मांग की है।

ईडी की ओर से विशेष लोक अभियोजक नवीन कुमार मट्टा पेश हो रहे हैं। ईडी के वकील ने कहा कि दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन हुए हैं। इसमें कुल दो करोड़ का लेनदेन हुआ है। संजय सिंह के लिए काम करने वाले दिनेश अरोड़ा के बयान के मुताबिक उसने लेनदेन की बात को फोन पर कंफर्म किया है। ईडी के रिमांड पेपर में संजय सिंह के घर पैसे के लेनदेन का जिक्र हुआ है।

इस दौरान ईडी ने कहा कि पहले एक करोड़ और दूसरी किश्त में एक करोड़ का लेनदेन हुआ। रिमांड पेपर में इंडो स्प्रिट से पैसे लेने की बात कही गई है। ईडी ने आगे कहा कि सर्वेश संजय सिंह का कर्मचारी है। उसको सिंह के घर पर पैसा दिया गया, दिनेश अरोड़ा ने इसकी पुष्टि की।

जिस पर संजय सिंह ने कहा कि ईडी झूठ बोल रही है। कोर्ट ने पूछा कि क्या संजय सिंह के कर्मचारियों का बयान दर्ज किया है? कोर्ट ने पूछा जब ईडी को लेनदेन की जानकारी काफी समय से है तो अभी अरेस्ट क्यों किया? कोर्ट ने कहा जिस लेन देन की बात ईडी कर रही है वह अगस्त, अक्टूबर 2021 का लेनदेन है। ईडी ने इस पर कहा कि इस मामले में बयान अभी दर्ज हुए हैं।

यह भी पढ़ें- संजय सिंह के आवास पर ED के छापे से नाराज AAP कार्यकर्ताओं का लखनऊ में प्रदर्शन, पुलिस से धक्‍का-मुक्‍की

इसके अलावा ईडी ने कोर्ट को बताया कि कल सर्च किया और बयान भी दर्ज किए गए। अब तक 239 जगह पर सर्च ऑपरेशन किया गया। सर्वेश मिश्रा को दो करोड़ रुपये देने की पुष्टि हुई। वहीं दिनेश अरोड़ा के कर्मचारी ने बताया कि संजय सिंह के घर जाकर दो करोड़ रुपये दिए गए। बता दें कि दिनेश अरोड़ा राधा इंडस्ट्रीज के मालिक हैं। वे इस शराब घोटाला मामले में सरकारी गवाह बन चुके हैं।

यह भी पढ़ें- AAP सांसद संजय सिंह के घर ED ने मारा छापा