ठाकुरगंज की सेवई फैक्ट्री में लगी भीषण आग, छत पर सो रहे कर्मियों ने भागकर बचाई जान

सेवई फैक्ट्री
सेवई फैक्ट्री में लगी आग बुझाती फायर ब्रिगेड व पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। ठाकुरगंज इलाके में गुरुवार को सेवई बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। मौके पर घी होने से आग तेजी से फैल गई। लपट व धुआं निकलता देख आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया है। आग से लाखों रुपए का नुकसान होने की बात कही जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक रिंग रोड चौकी के पास मोहम्मद मूसी की सेवई बनाने की फैक्ट्री है। जिसमें सुबह सात बजे के करीब आग लग गई। फैक्ट्री की छत पर कर्मचारी सो रहे थे। शोर सुन सभी कर्मचारी बगल की छत से नीचे उतरे तो आग देख दंग रह गए। आनन-फानन में कर्मी व आसपास के लोग बाल्टी व अन्य माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग विकराल होने के कारण नहीं बुझा सके। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई।

इस संबंध में एफएसओ चौक पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड चौकी के पास सेवई फैक्ट्री है। जिसमें गुरुवार सुबह आग लगी थी। आग लगने की सूचना फैक्ट्री के कर्मचारियों ने अग्निशमन विभाग को दी। सूचना पर चौक, हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशन से आग बुझाने के लिए करीब छह गाड़ियां पहुंची। जिसने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन फैक्ट्री का सारा सामान जलकर राख हो गया।

यह भी पढ़ें- रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में शार्ट-सर्किट से लगी आग, मचा हड़कंप

फिलहाल आग लगने कारण शार्टसर्किट लग रहा है। दमकल विभाग मामले की जांच कर रहा है। एफएसओ ने बताया कि फैक्ट्री में आग बुझाने के लिए उपकरणों का इंतजाम तक नहीं था। अगर आग दिन में लगती तो यह बड़ी घटना भी हो सकती थी।

यह भी पढ़ें- विशाल मेगा मार्ट में लगी आग, मची अफरा-तफरी