रेप मामले में फरार चल रहे विधायक हरमीत सिंह गिरफ्तार

आप विधायक
हरमीत सिंह पठानमाजरा। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। पटियाला पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को गिरफ्तार कर लिया है। पठानमाजरा को दुष्कर्म, धोखाधड़ी मामले में वांटेड और भगोड़ा घोषित किया गया था। पठानमाजरा को ग्वालियर-शिवपुरी बायपास हाईवे से पकड़ा गया। पठानमाजरा को आज ही कोर्ट में पेश किया।

शिवपुरी में पटियाला पुलिस दो दिन से ऑपरेशन चला रही थी. बुधवार को पटियाला पुलिस को सफलता मिली। कार्रवाई के दौरान पठानमाजरा के तीन साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आप विधायक पठानमाजरा दो साल पुराने दुष्कर्म केस में वांटेड हैं और पिछले छह महीने से फरार चल रहे थे। उनके खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर जारी किया जा चुका था। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए पांच दिन पहले वह ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटे थे।

इस संबंध में पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने मीडिया को बताया “आरोपित विधायक पठानमाजरा कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। इसी वजह से इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस को सूचना देना जरूरी नहीं था। अगर विधायक भगोड़ा घोषित नहीं होता तो लोकल पुलिस को सूचना देना अनिवार्य होता है। इस केस में सीधे कार्रवाई करते हुए टीम ने उसे शिवपुरी से गिरफ्तार किया।”

यह भी पढ़ें- AAP ने कहा, सफेद झूठ है योगी सरकार का ‘स्‍वस्‍थ उत्‍तर प्रदेश’ का दावा, लखनऊ से गांव तक डॉक्‍टरों की भारी कमी

पंजाब पुलिस के अनुसार “ये पूरी कार्रवाई सुनियोजित ऑपरेशन के तहत की गई, जिसमें दो दिन की लगातार ट्रैकिंग के बाद सफलता मिली। पुलिस उनकी रिमांड मांगेगी। आरोपितों के खिलाफ पहले ही एक मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के समय आरोपित एक कार में सफर कर रहे थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। कानून के अनुसार आगे की पुलिस कार्रवाई करेगी।”

यह भी पढ़ें- पंजाब में रिश्‍वत लेते DIG गिरफ्तार, कार्यालय-आवास पर CBI की छापेमारी