फिर भाजपाई हुए दारा सिंह चौहान, BJP की ली सदस्‍यता

दारा सिंह चौहान
दारा सिंह चौहान का भाजपा में स्वागत करते डिप्टी सीएम प्रदेश अध्यक्ष।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे चुके दारा सिंह चौहान एक बार फिर भाजपाई हो गए हैं। दारा सिंह सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने डिप्टी सीएम केशव मौर्या और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद दारा सिंह चौहान बीजेपी में शामिल हुए।

समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दारा सिंह चौहान ने आज ही अपने विधायक पद की सदस्यता से इस्तीफा दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को सौंपा। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि योगी मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में दारा सिंह चौहान कैबिनेट मंत्री की शपथ ले सकते हैं। साथ ही दोबारा खाली हुई घोसी विधानसभा या फिर अगामी लोकसभा चुनाव में मऊ ताल ठोक सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सपा को झटका, विधायक दारा सिंह चौहान ने दिया इस्तीफा, भाजपा के टिकट पर लड़ सकतें हैं लोकसभा चुनाव

इससे पहले दारा सिंह चौहान ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। सूत्रों की मानें तो दोनों नेताओं के बीच ये मुलाकात शुक्रवार को हुई थी। इन मुलाकात के बाद ही उनके भाजपा में शामिल होने की बात सामने आई थी। दरअसल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व यूपी जैसे बड़े राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने में लगा हुआ है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर को एनडीए में शामिल करने के बाद अब यूपी में बीजेपी को पूर्वांचल के नेता दारा सिंह चौहान को भी अपने साथ लाने में सफलता मिली है।

बता दें कि दारा सिंह ने राजनीतिक करियर की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) से की थी। दारा सिंह पहली बार 1996 में और दूसरी बार 2000 में राज्यसभा सदस्य बने। 2009 का लोकसभा चुनाव घोसी सीट से बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीता।

2015 में वह भाजपा में शामिल हो गए और 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मधुबन विधानसभा से चुनाव लड़ा। वे 2017 से 2022 तक यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। जनवरी 2022 में उन्होंने भाजपा छोड़ दी और योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।

यह भी पढ़ें- अब दारा सिंह चौहान ने दिया योगी के मंत्रिमंडल से इस्‍तीफा, सरकार पर लगाया, पिछड़े, दलित, किसान व बेरोजगारों की उपेक्षा का आरोप