सपा को झटका, विधायक दारा सिंह चौहान ने दिया इस्तीफा, भाजपा के टिकट पर लड़ सकतें हैं लोकसभा चुनाव

दारा सिंह चौहान

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इस बीच समाजवादी पार्टी को एक झटका लगा है। मऊ से सपा विधायक दारा सिंह चौहान ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधानसभा स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफे को स्पीकर सतीश महाना ने स्वीकार भी कर लिया है।

साथ ही दारा सिंह ने समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। वह पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में ही थे। अब माना जा रहा है कि अब वह फिर भाजपा में शामिल होकर अगामी लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें- अब दारा सिंह चौहान ने दिया योगी के मंत्रिमंडल से इस्‍तीफा, सरकार पर लगाया, पिछड़े, दलित, किसान व बेरोजगारों की उपेक्षा का आरोप

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में दारा सिंह चौहान ने भाजपा छोड़ सपा का दामन थामा था और मऊ की घोसी सीट से विधायक चुने गये थे। चर्चा है कि दारा सिंह चौहान फिर से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते है। दारा सिंह चौहान के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद मऊ की घोसी सीट रिक्त हो गयी है। वहीं चौहान के सपा को अलविदा करने के बाद से यूपी में राजनीति एक बार फिर गर्मा गयी है। कयास यह लगाया जा रहा है कि दारा सिंह चौहान अगला लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दारा सिंह चौहान को सपा में शामिल कर अखिलेश का ऐलान, सत्‍ता में आते ही जातीय जनगणना करा सभी को दिलाएंगे हक

दारा सिंह चौहान पिछली योगी आदित्यनाथ सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने 2022 में विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। दारा सिंह चौहान ने अपना राजनीतिक करियर की शुरूआत बहुजन समाज पार्टी से की थी। 1996 और 2000 में दारा सिंह राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। साल 2009 का लोकसभा चुनाव दारा सिंह चौहान ने बसपा के टिकट पर घोसी सीट से लड़ा था और जीते भी थे। 2015 में दारा सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण और 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव लड़ा। इसके बाद 2022 में भाजपा से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हो गए थे।

यह भी पढ़ें- प्रशिक्षण शिविर में अखिलेश ने साधा भाजपा पर निशाना, सपा कार्यकर्ताओं को दिया हार्ड होने का मंत्र