प्रशिक्षण शिविर में अखिलेश ने साधा भाजपा पर निशाना, सपा कार्यकर्ताओं को दिया हार्ड होने का मंत्र

प्रशिक्षण शिविर
कार्यक्रम को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शनिवार को नैमिषारण्य में सपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर भाजपा सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने नया शब्द याद किया है सॉफ्ट हिंदुत्व कह रहे हैं कि सपाई सॉफ्ट हिंदुत्व के रास्ते पर जा रहे हैं, लेकिन हम लोग पहले से ही बहुत सॉफ्ट हैं बस अब हार्ड होने की जरूरत है।

साथ ही कहा कि ये सॉफ्ट वाला मामला नहीं चल सकता है। पिछले सभी चुनावों में आपने देखा कि कैसे बेईमानी की गई। चंदौली में कैसे परिणाम बदला गया, किन्‍नर समाज के रोष से उनके ही पक्ष में नतीजा आया। उन्होंने कहा, सॉफ्ट होगे तो मारे जाओगे। हार्ड होगे तो मार भगाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा, नैमिषधाम हमारे आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है, हमारी आपकी संस्कृति और परम्पराओं के लिए बहुत मान्यता वाला स्थान है। जो जानकारी यहां आपको मिली है, गांव में जनता तक जरूर ले जाएं।

सपा मुखिया ने आगे कहा कि समाजवादियों का कोई मुकाबला नहीं कर पाएगा। सबसे ज्यादा गर्मी वाले दिनों में हम सब अपना पसीना बहा रहे हैं, पंखे से कुछ हवा चल रही। यहां 44 डिग्री सेल्सियस तापमान होगा, महसूस 46 हो रहा होगा। पास में 48 डिग्री होगा और भाजपा की हालत उससे खराब हो गई होगी।

भाजपा के सांड ट्रैफिक व्यवस्था देख रहे

सपा मुखिया ने कहा कि ट्रैफिक सीतापुर में ठीक चलता दिखा, लेकिन गौर करने पर पता चला सांड बड़े पैमाने में घूम रहे थे। भाजपा के सांड ट्रैफिक व्यवस्था देख रहे हैं। सांड से ना खेत सुरक्षित हैं और ना ही इंसान। कई किसान की जान जा चुकी है। पूरे प्रदेश में सांड की टक्कर से हर दिन कोई न कोई मारा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, जाति जनगणना से भाग रही BJP सरकार, क्या इसके बिना सामाजिक न्याय संभव?

वहीं जातीय जनगणना को लेकर सपा सुप्रीमो ने कहा कि टेक्नोलॉजी का जमाना है, तकनीक का जमाना है। तकनीक के माध्यम से सरकार चाहे तो कुछ ही महीने के अंदर जातीय जनगणना हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने लाभ के लिए तो भाजपा सब कुछ गिन लेती है, लेकिन किसी योजना के लिए गिनने में हिचक रही है।

जातीय जनगणना होगी तभी सामाजिक न्याय मिलेगा

अखिलेश ने आज यह भी ऐलान किया कि जब भी समाजवादियों को मौका मिलेगा तो जातीय जनगणना कराएंगे और जब तक सत्ता में नहीं है सरकार के लोगों से जातीय जनगणना की बात करते रहेंगे ,क्योंकि जातीय जनगणना होगी तभी सामाजिक न्याय मिलेगा।

यह भी पढ़ें- योगी के गढ़ में अखिलेश ने पूछा क्‍या साफ हो गया गोरखपुर-बनी मेट्रो? अधिकारियों के दम पर अपने पक्ष में कराया चुनावी नतीजे