सरोजनीनगर में गिरी निर्माणाधीन फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट की छत, मजूदर की मौत, चार घायल

फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। दरअसल सरोजनीनगर में निर्माणाधीन फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट की छत गिरने से वहां पर मौजूद पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक मजदूर की इलाज के दौरान केजीएमयू में मौत हो गई। छत गिरने के बाद अफरा-तफरी का मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बंथरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, जिनमें से दो मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार अगस्त 2021 में गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित दरोगाखेड़ा के रनियापुर गांव में फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट का शिलान्यास किया था। जिसका कार्य चल रहा है। सोमवार शाम कुछ मजदूर पोर्च के ऊपर मसाला बराबर करने का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक शटरिंग भरभरा कर नीचे गिर पड़ी। हादसे के वक्त छत के नीचे कोई भी मजदूर नहीं था। वहीं ऊपर मौजूद चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार, मजदूर सुमीर महली (19), पालूश माड़ी (28), दुलाल (36), दिग्विजय (27) का इलाज चल रहा है, जिसमें दिग्विजय उपरोक्त के सिर में गम्भीर चोंट आयी हैं। सुमीर महली के कमर में चोट आई है। एक अन्य व्यक्ति अनवर अली (40) की इलाज के दौरान केजीएमयू ट्राॅमा सेन्टर में मौत हो गयी है। इस सम्बन्ध में थाना स्थानीय से अग्रिम जानकारी व जांचकर विधिक कार्यवाही की जायेगी।

यह भी पढ़ें- नमक कारखाने में बड़ा हादसा, दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत, कई घायल

वहीं घटना की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने की घटना का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचने और राहत बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

यह भी पढ़ें- काशी विश्‍वनाथ कॉरिडोर के पास इमारत ढही, मजदूर की मौत, दो घायल