नमक कारखाने में बड़ा हादसा, दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत, कई घायल

नमक फैक्टी

आरयू वेब टीम। गुजरात के मोरबी जिले के हलवद में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल भी हुए हैं। प्रशासन ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है। शाम तक आशंका जताई जा रही थी कि मलबे और बोरियों के नीचे और लोग दबे हो सकते हैं।

जानकारी के अनुसार हादसा हलवद जीआइडीसी स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में जिस समय दीवार ढही, तब वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो मलबे की चपेट में आ गए हैं, हालांकि कंपनी से शाम तक इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

दीवार गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। घटना के बाद स्थानीय विधायक परसोत्तम सबरिया भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि दीवार के पास बैठकर मजूदर नमक की पैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एकाएक पूरी दीवार ढह गई।

यह भी पढ़ें- रोड एक्सिडेंट में लॉ छात्र व तीन मासूम समेत पांच की मौत

हादसे के करीब आधा घंटे पहले यहां 70 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन इनमें से 40 से ज्यादा मजदूर खाना खाने बाहर चले गए थे। कंपनी के कुछ श्रमिकों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए मजदूर राधनपुर तहसील के गांवों के रहने वाले हैं। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दीवार किस वजह से गिरी।

यह भी पढ़ें- आगरा में गैस सिलेंडर फटने से उड़ी मकान की छत, पति-पत्‍नी समेत परिवार के आठ सदस्‍य घायल