प्रियंका को कांग्रेस का महासचिव बनाए जाने पर राहुल ने कहा, घबराए हुए हैं भाजपा के लोग

राहुल प्रियंका

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ/अमेठी। प्रियंका गांधी की बुधवार को राजनीति में इंट्री कराने के साथ ही अपने दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जहां आज भाजपा पर जमकर हमला बोला वहीं बसपा व सपा के प्रति नरमी दिखाई। साथ ही उन्‍होंने प्रियंका के कांग्रेस में जिम्‍मेदारी संभालने पर कहा कि इससे भाजपा घबराई हुई है।

राहुल ने आज कहा कि मैंने उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को मिशन दिया है कि वे राज्य में कांग्रेस की सच्ची विचारधारा… गरीबों और कमजोर लोगों की विचारधारा… सबको आगे लेकर बढ़ने की विचारधारा को आगे बढायें।’ मुझे पूरा भरोसा है कि प्रियंका और ज्योतिरादित्य ये काम करेंगे। जो उत्तर प्रदेश को चाहिए, जो उत्तर प्रदेश के युवा को चाहिए, वह कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है।’

लोकसभा चुनाव की लड़ाई को लेकर राहुल गांधी ने कहा ‘हम कहीं भी बैकफुट पर नहीं खेलेंगे। हम राजनीति जनता के लिए, विकास के लिए करते हैं। हम फ्रंटफुट पर खेलेंगे।’

साथ ही राहुल बोले कि वो बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव का पूरा आदर करते हैं। कांग्रेस और सपा-बसपा की विचारधारा में काफी समानताएं हैं। हमारी लड़ाई भाजपा के खिलाफ है। राहुल ने कहा कि सपा और बसपा के साथ हमारा जहां भी सहयोग हो सकता है, हम करने को तैयार हैं। जहां भी हम भाजपा को हराने के लिए एक साथ काम कर सकते हैं, करेंगे।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का ऐलान, UP की सभी 80 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, आजाद ने कहा कांग्रेस की BJP से सीधी लड़ाई, रणनीति भी बताई

उन्होंने आगे कहा कि मगर कांग्रेस की जगह बनाने का काम हमारा है। हमने यह जगह बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुझे बहुत खुशी हो रही है कि मेरी बहन, जो बहुत कर्मठ है, अब मेरे साथ काम करेगी। ज्योतिरादित्य भी ऊर्जावान युवा नेता हैं।’

राहुल ने जनता का आहवान करते हुए कहा, ‘आप इनको (भाजपा को) हटाइये। हम आपको नयी दिशा देंगे। हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश नंबर वन प्रदेश बने। मैं किसी जाति-धर्म की बात नहीं करता। यहां के युवाओं ने अपने प्रदेश को देखा है कि किस प्रकार इसे नष्ट किया गया है। हम आपके साथ एक नया सपना पूरा करना चाहते हैं।’ कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रियंका को उत्तर प्रदेश में लाने से भाजपा वाले भी घबराये हुए हैं। यूपी की बात करते हुए राहुल बोले कि हम उत्तर प्रदेश की जनता को, युवाओं को, किसान को कहना चाहते हैं कि आपने बहुत समय जाया किया। आपने यहां भाजपा की सरकार बना रखी है। पूरा प्रदेश जानता है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले राहुल का बड़ा दांव, प्रियंका गांधी की राजनीत में इंट्री, मिली बड़ी जिम्‍मेदारी, कांग्रेसियों में हर्ष