आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश के कुछ प्रमुख जिलों में सावन के महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा के चलते स्कूलों की योगी सरकार ने छुट्टी करा दी है। ये आदेश आज से प्रभावी होंगे। इनमें मेरठ, मुजफ्फरनगर और आस-पास के इलाकों में कांवड़ यात्रा के दौरान होने वाली भारी भीड़ और यातायात जाम के चलते 16 से 23 जुलाई तक स्कूल बंद करने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में मेरठ के जिलाधिकारी वीके सिंह के निर्देशा नुसार, बुधवार, 16 जुलाई से 23 जुलाई तक जिले के सभी सरकारी व निजी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों छुट्टी रहेगी। इसके अलावा, सीबीएसइ/आईसीएसई बोर्ड के स्कूल, मदरसे, डिग्री कॉलेज और तकनीकी शिक्षण संस्थान भी पूरी तरह बंद रहेंगे।
प्रशासन ने यह निर्णय कांवाडियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया है। साथ ही स्पष्ट किया कि अगर कोई भी स्कूल इस आदेश का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 24 जुलाई से स्कूल दोबारा संचालित होंगे।
वहीं, 16 से 23 जुलाई तक छुट्टी मुजफ्फरनगर जिले में भी सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में घोषित की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिलाधिकारी के आदेश के बाद सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिया है कि वह स्कूलों में अवकाश की घोषणा करें। यूपी बोर्ड,सीबीएसइ और आइसीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों पर भी ये आदेश लागू होगा। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इन निर्देशों का पालन करने में ढिलाई बरती गई तो संबंधित विद्यालय पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सावन के पहले ही दिन कांवड़ियों ने कई जगाहों पर मचाया उत्पात, चालक की पिटाई कर किया चक्काजाम
इसके अलावा गाजियाबाद में स्कूल बंद रहेंगें। आदेश सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर लागू होंगे। डीएम दीपक मीणा ने कावड़ यात्रा के चलते गाजियाबाद के सभी शिक्षण संस्थान 17 जुलाई से 23 जुलाई तक बंद करने का आदेश जारी किया है। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, इंटर कॉलेज, सभी बोर्ड के संस्थान और उच्च शिक्षण संस्थान, मदरसा बोर्ड के शिक्षण संस्थान, सभी बोर्ड के शिक्षण संस्थान पूरी तरीके से बंद रहेंगे।
बता दें कि 23 जुलाई को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा, जिस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।




















