114 साल के एथलीट फौजा सिंह की जान लेने वाला NRI गिरफ्तार

फौजा सिंह
एथलीट फौजा सिंह।

आरयू वेब टीम। 114 साल के दिग्गज मैराथन धावक फौजा सिंह के हिट एंड रन मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। फौजा सिंह हिट-एंड-रन केस में पुलिस ने एक 30 वर्षीय एनआरआइ को गिरफ्तार किया है। शख्स की पहचान अमृतपाल सिंह ढिल्लों के रूप में हुई है। साथ ही पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी (पीबी 20 सी 7100) को भी बरामद कर लिया है।

आरोपित अमृतपाल सिंह ढिल्लों को देर रात थाना भोगपुर लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ शुरू की गई। ढिल्लों  जालंधर के करतारपुर स्थित दासूपुर गांव का निवासी है। आज उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले सकती है।
प्राथमिक पूछताछ में अमृतपाल सिंह ढिल्लों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

उसने पुलिस को बताया कि वह मुकेरिया साइड से अपना फोन बेचकर लौट रहा था। जब वह ब्यास पिंड के पास पहुंचा, तो एक बुजुर्ग व्यक्ति उसकी गाड़ी की चपेट में आ गया। अमृतपाल ने बताया कि उसे यह नहीं पता था कि जिस बुजुर्ग को उसने टक्कर मारी है, वे प्रसिद्ध धावक फौजा सिंह हैं। जब खबरें आनी शुरू हुईं, तो फौजा सिंह की मौत के बारे में पता चला।

जांच के दौरान एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क द्वारा बनाई गई टीम ने कुछ गाड़ियां लिस्ट आउट की थी। इनमें से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी की पहचान मंगलवार देर शाम तक कर ली गई थी। जिसके बाद पुलिस को संदिग्ध फॉर्च्यूनर का नंबर स्पष्ट हो गया। नंबर से पता चला कि उक्त गाड़ी कपूरथला के अठौली गांव के रहने वाले वरिंदर सिंह पुत्र बलवीर सिंह के नाम पर पंजीकृत थी। इसके बाद जालंधर पुलिस की टीमें कपूरथला रवाना हुईं और वरिंदर सिंह तक पहुंचीं।

यह भी पढ़ें- सलमान खान फिर बनें निशाना, कार बम से उड़ाने व घर में घुसकर जान से मारने की मिली धमकी

वरिंदर सिंह से पूछताछ में पता चला कि कनाडा से आए एक एनआरआई, अमृतपाल सिंह ढिल्लों ने उनकी कार खरीदी थी। पुलिस को यह भी पता चला कि अमृतपाल के पिता का निधन हो चुका है, उसकी तीन बहनें हैं और उसकी मां कनाडा में रहती हैं। अमृतपाल खुद भी घटना से मात्र आठ दिन पहले ही कनाडा से लौटा था।

यह भी पढ़ें- पंजाब से गिरफ्तार हुआ एक और जासूस, पाकिस्तान को शेयर की सेना की गोपनीय जानकारियां