काशी विश्‍वनाथ मंदिर व ज्ञानवापी मस्जिद विवाद में अब हाई कोर्ट 28 अप्रैल को करेगा सुनवाई

इलाहाबाद उच्च न्यायालय

आरयू ब्यूरो, वाराणसी। काशी विश्वेश्वर नाथ मंदिर ज्ञानवापी मस्जिद विवाद को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट में आज भी सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। विश्वनाथ मंदिर की ओर से बहस करते हुए अधिवक्ता विजय शंकर रस्तोगी ने बुधवार को कहा कि मंदिर को नुकसान पहुंचाने से संपत्ति का धार्मिक स्वरूप नहीं बदलता है। विवादित भगवान विश्वेश्वर मंदिर का अस्तित्व सतयुग से अब तक चला रहा है।

साथ ही कहा कि भगवान विश्वेश्वर विवादित ढांचे में विद्यमान है। कहा गया कि मंदिर को नुकसान पहुंचाने से उसका धार्मिक स्वरूप नहीं बदलता। बहस की गई कि मंदिर प्राचीन है और उसका निर्माण 15 वी सदी से पहले का है। इस मामले की सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति प्रकाश पाड़िया के समक्ष अधिवक्ता ने कहा कि वक्फ एक्ट में संपत्ति का पंजीकरण हो जाने मात्र से गैर मुस्लिम लोगों को उस संपत्ति के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। ऐसी संपत्तियों में गैर मुस्लिम लोगों का संपत्ति से अधिकार खत्म नहीं हो जाता।

कहा गया किस कानून में और किस वर्ष में प्रॉपर्टी वक्फ एक्ट मे पंजीकृत हुई, यह प्रतिवादी याची को भी पता नहीं है। 1954 के कानून में वक्फ पंजीकृत हैं। फिर कहा गया कि 1960 के कानून में पंजीकृत हैं। यह भी कह रहे कि 1944 मे सरकारी सर्वे के बाद मस्जिद वक्फ बोर्ड में पंजीकृत हैं।

यह भी पढ़ें- ज्ञानवापी मस्जिद मामले में ASI सर्वे कराने पर इलाहाबाद HC ने लगाई रोक

यह भी कहा गया कि कोई संपत्ति का हिस्सा वक्फ बोर्ड में पंजीकृत होने से मुस्लिम समाज को कोई अधिकार नहीं मिल जाता। वक्फ बोर्ड केवल मुस्लिम समुदाय के विवाद ही तय कर सकता है। गैर मुस्लिम के बीच विवाद पर वक्फ बोर्ड का कोई अधिकार नहीं है। बहस 28 अप्रैल को होगी।

यह भी पढ़ें- काशी विश्‍वनाथ-ज्ञानवापी केस में कोर्ट का आदेश, पुरातत्व विभाग करे सर्वे