हर मोर्चे पर असफल योगी सरकार कैबिनेट विस्‍तार कर बांटना चाहती है जनता का ध्‍यान: अखिलेश

भाजपा में विकास नहीं

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को अधिकारियों के ट्रांसफर व योगी सरकार के मंत्रिमंडल के विस्‍तार को लेकर हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि हर मोर्चे पर असफल होती प्रदेश की भाजपा सरकार अपनी नाकामी से ध्यान हटाने के लिए एक तरफ अधिकारियों के ट्रांसफर कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेना चाहती है, तो दूसरी तरफ कैबिनेट का विस्तार कर जनता का ध्यान बांटना चाहती है।

अखिलेश यादव ने जारी किए अपने बयान में कहा कि भाजपा की गुमराह करने वाली राजनीति से जनता त्रस्त है। इसके अलावा योगी सरकार के मंत्रियों के इस्‍तीफे पर तंज कसते हुए सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा की यूपी में सरकार बने तो ढाई वर्ष हो गए अब जाकर मुख्यमंत्री को और भाजपा नेतृत्व को पता चला कि उनके साथ अकर्मण्य, नानपरफार्मर मंत्री भी हैं, जिनसे इस्तीफा लिया गया।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार में महिला-बच्चियों में दहशत तो, अपराधी जेल से चला रहे काले धंधे: अखिलेश यादव

सपा सुप्रीमो ने योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि बेकारी, मंहगाई की मार से नौजवान, किसान, गरीब सभी परेशान हैं। महिलाओं और बच्चियों के साथ रोज ही दुष्कर्म हो रहे हैं। हत्या, लूट से हाहाकार मचा है। कानून व्यवस्था मजाक बनकर रह गई है।

वहीं अपनी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय प्रदेश उत्तम प्रदेश बन रहा था, लेकिन भाजपा ने प्रदेश की छवि खराब कर उसे हत्या प्रदेश बना दिया। दुनिया भर में बदनामी करा दी।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार के मंत्रिमंडल का पहला कैबिनेट विस्तार, 23 मंत्रियों ने ली शपथ, देखें पूरी लिस्‍ट

भाजपा राज में विकास अवरूद्ध है। भाजपा के तौर तरीको ने लोकतंत्र में व्यवस्था को बीमार कर दिया है। लोगों का धंधा, कारोबार चैपट हो गया है और उस पर बिजली, पेट्रोल, डीजल के बढ़े दामों ने मंहगाई से यूपी की जनता की कमर तोड़ दी है। चुनाव जीतने के बाद मतलबी सरकार अपनी मनमानी से जनता से अधिक-से अधिक कर वसूल लेना चाहती है। ऐसे हालात में जनता खुद को प्रताड़ित महसूस कर रही है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी के रूस दौरे पर अखिलेश ने उठाएं सवाल, कही ये बातें