हाथ में संविधान की प्रति लेकर राहुल गांधी ने ली लोकसभा सांसद की शपथ

संविधान की प्रति
शपथ लेते राहुल गांधी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को लोकसभा सांसद के रूप में शपथ ली और अपने हाथ में संविधान लेकर सत्‍ता पक्ष और विपक्ष दोनों को दिखाया। राहुल ने अपना शपथ ग्रहण ‘जय हिंद, जय संविधान’ के नारे के साथ समाप्त किया। अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल ने शपथ ली है।

शपथ के लिए जब राहुल गांधी का नाम पुकारा गया तो कांग्रेस के सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गए और ‘जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाने लगे। उनके शपथ लेने के बाद भी कांग्रेस सदस्यों ने ‘जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाए। राहुल गांधी ने वर्ष 2022 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और इस साल की शुरुआत में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली थी।

यह भी पढ़ें- किसानों का कर्ज माफ होने पर बोले राहुल गांधी, कांग्रेस सरकार नहीं करती हिंदुस्तान का पैसा पूंजीपतियों पर खर्च

इससे पहले कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी जो वायनाड उपचुनाव के लिए उम्मीदवार भी हैं, 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में राहुल गांधी के शपथ ग्रहण से पहले आज संसद पहुंचे थे। राहुल  इस बार उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। इससे पहले वह लोकसभा में केरल के वायनाड और उत्तर प्रदेश के अमेठी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें- रायबरेली के आभार समारोह में बोले राहुल, लोकसभा चुनाव में जनता ने हिंसा, झूठ-अहंकार के खिलाफ दिया वोट