हाथरस पीड़िता का पहले कुछ दरिंदों ने फिर कल पूरी प्रणाली ने किया बलात्कार: केजरीवाल

पद्म पुरस्कारों के लिए डॉक्टर
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मौत और पुलिस द्वारा अंतिम संस्‍कार किए जाने पर बुधवार को दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री ने दुख जताया है। साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘‘पहले कुछ दरिंदों ने सामूहिक बलात्कार’’ किया और इसके बाद ‘‘पूरी प्रणाली ने उसका बलात्कार’’ किया।

केजरीवाल ने आज सोशल मीडिया के माध्‍यम से ट्वीट कर कहा किया, ‘‘हाथरस की पीड़िता का पहले कुछ दरिंदों ने बलात्कार किया और कल पूरी प्रणाली ने बलात्कार किया। पूरा प्रकरण बेहद पीड़ादायी है।’’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट किया, ‘‘हाथरस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया। एसआइटी क्या जांच करेगी? क्या पुलिस ने आधी रात में लड़की का शव जबरदस्ती जलाने का कारनामा अपनी मर्जी से कर दिया? शव को जिनके आदेश पर जलाया गया, क्या एसआइटी उनकी जांच कर पाएगी?’’

यह भी पढ़ें- हाथरस गैंगरेप पीड़िता के जबरन अंतिम संस्‍कार पर भड़कीं प्रियंका ने CM योगी से मांगा इस्‍तीफा, कहा आपके शासन में सिर्फ अन्‍याय का बोलबाला

इससे पहले केजरीवाल ने अपने ट्वीट में कहा था, ‘‘हाथरस पीड़िता की मौत पूरे समाज, देश और सभी सरकारों के लिए शर्म की बात है। बड़े दुःख की बात है कि इतनी बेटियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है और हम अपनी बेटियों को सुरक्षा नहीं दे पा रहे। दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिलनी चाहिए।’’

युवती के साथ 14 सितंबर को चार लोगों ने हाथरस के एक गांव में सामूहिक बलात्कार किया था। उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत और खराब होने के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भेजा गया, जहां उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया। यह खबर फैलते ही नेताओं, खिलाड़ियों, कलाकारों एवं कार्यकर्ताओं समेत समाज के सभी वर्गों ने इस घटना पर रोष व्यक्त किया और न्याय की मांग की।

यह भी पढ़ें- विरोध के बावजूद हाथरस गैंगरेप पीड़िता के अंतिम संस्‍कार पर बोलीं मायावती, BSP पुलिस के ऐसे गलत रवैये की कड़े शब्दों में करती है निंदा