आरयू वेब टीम। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है। हरिपुरधार इलाके में शुक्रवार दोपहर एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। पल भर में खुशियों से भरी यात्रा मातम में बदल गई। इस भीषण हादसे में अब तक करीब आठ यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक कुपवी से शिमला जा रही यह बस जैसे ही हरिपुरधार के पास पहुंची, अचानक सड़क से फिसलकर सैकड़ों फीट नीचे जा समाई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल यात्री मदद के लिए कराहते रहे, जबकि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने जान की परवाह किए बिना खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
यह भी पढ़ें- कुरनूल में बस से टकराई बाइक, लगी भीषण आग, जिंदा जलकर 20 यात्रियों की दर्दनाक मौत, कई घायल
इस संबंध में सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में आठ लोगों की मौत की बात सामने आई है, हालांकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। साथ ही बताया कि पुलिस और अन्य आपातकालीन टीमें लगातार घायलों को बाहर निकालने में जुटी हैं।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हायर संगड़ाह, ददाहू और नाहन रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज नाहन में भी आपात व्यवस्था की गई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रशासन हर पहलू की जांच में जुट गया है।




















