इतिहास रचने के बेहद करीब चंद्रयान-2, जानें इससे जुड़ी कुछ बातें

चंद्रयान-2 को लेकर
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। चंद्रयान-2 को लेकर लंबे समय से चल रहा देश की जनता का इंतजार जल्‍द ही समाप्‍त होने वाला है। शनिवार यानि कल सात सितंबर को  रात एक बजकर 55 मिनट पर जब चंद्रयान का लेंडर विक्रम चांद की धरती पर कदम रखेगा उसी के साथ ही भारत शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक नया इतिहास रच देगा।

चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-2 के उतरने का सीधा नजारा देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 60 हाईस्कूल विद्यार्थियों के साथ बेंगलुरु स्थित इसरो केंद्र में मौजूद रहेंगे।

वहीं इस मौके पर इसरो के चेयरमैन के सिवान ने बताया कि अब तक चांद पर भेजे गए मिशन में सॉफ्ट लैंडिंग के चांस केवल 37 फीसदी ही सफल हुए हैं। हालांकि बावजूद इसके इसरो पूरी तरह से आत्मविश्‍वास से भरा है कि यह मिशन सफल होगा। दरअसल वैज्ञानिक एक्सपेरिमेंट में हमेशा यह एक रूल रहा है कि अगर किसी एक्सपेरिमेंट के पास होने के एक फीसदी भी चांस हो तो उसे जरूर आजमाया जाता है।

यह भी पढ़ें- चंद्रमा की कक्षा में पहुंचा चंद्रयान-2, अगले महीने होगी चांद पर लैंडिंग

अनगिनत सपनों को लेकर चंद्रमा पर गए चंद्रयान-2 के पृथ्वी के प्राकृतिक उपग्रह पर सफलतापूर्वक उतरने के साथ ही रूस, अमेरिका और चीन के बाद भारत वहां सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का चौथा और चंद्रमा के अनदेखे दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में उतरने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, चंद्रमा की सतह पर उतरने के बाद विक्रम के भीतर से रोवर प्रज्ञान सात सितंबर की सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े छह के बीच बाहर निकलेगा और एक चंद्र दिवस की अवधि (धरती के 14 दिन के बराबर) तक चंद्रमा की सतह पर रहकर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। ऑर्बिटर का जीवनकाल एक साल का है और यह लगातार चंद्रमा की परिक्रमा कर धरती पर मौजूद इसरो के वैज्ञानिकों को संबंधित जानकारी भेजता रहेगा।

यह भी पढ़ें- ISRO ने सफलतापूर्वक लॉन्च किया चंद्रयान-2, राष्‍ट्रपति-PM मोदी ने दी बधाई, जानें इससे जुड़ी कुछ खास बातें