चंद्रयान-3 की सफलता के लिए लखनऊ सहित देशभर में पूजा-अर्चना व दुआओं का दौर जारी

चंद्रयान-3 की सफलता
चंद्रयान-3 के लिए पूजा-अर्चना करते लोग।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अंतरिक्ष के क्षेत्र में देश के लिए ऐतिहासिक घड़ी करीब आ गई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का चंद्रयान-3 इतिहास रचने की दहलीज पर है। भारत के इस मिशन पर दुनिया की आंखें टिक गई हैं। वहीं चंद्रयान-3 की सफलता की के लिए लखनऊ समेत देशभर में दुआओं व पूजा-अर्चना का दौर बुधवार को भी देखने को मिल रहा है।

चंद्रयान-3 आज शाम चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। जिसकी सफलता के लिए लखनऊ के मनकामेश्वर मंदिर में पूजा और हवन किया गया है, जबकि बीजेपी नेता मोहसिन रजा ने लखनऊ में हजरत शाह मीना शाह दरगाह पर चंद्रयान 3 की सफलता के लिए दुआ मांगी है। वहीं लखनऊ में इससे पहले मुस्लिम बच्चों ने नमाज अदा कर चंद्रयान की सफलता के लिए दुआएं मांगी।

दूसरी ओर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए वाराणसी में साधुओं ने हवन किया। साथ ही अस्सी घाट पर चंद्रयान लिखी आकृति में मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा से प्रार्थना की गई।

इस दौरान प्रयागराज में इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने संगम तट पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की कामना करते हुए रेत से आकृति बनाई बनाकर मां गंगा से प्रार्थना की है।

इसके अलावा चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह में लोगों ने इसके लिए दुआएं मांगी। चंद्रयान-3 की कामयाबी के लिए देशभर में 24 घंटे से दुआओं व पूजा-अर्चना और प्रार्थना की जा रही है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश के संत नगर स्थित आर्य समाज मंदिर में विशाल यज्ञ किया गया है। इसका आयोजन विश्‍व हिंदू परिषद और आर्य समाज ने संयुक्त रूप से किया है।

मध्य प्रदेश में सीहोर के प्रसिद्ध गणेश मंदिर में आज सुबह हजारों लोगों ने पूजाकर प्रार्थना की है। वहीं नागपुर, महाराष्ट्र में भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नर्तक पूजा हिरवाडे ने ‘नमो नमो भारताम्बे’ और चंद्रयान गान पर भरतनाट्यम प्रस्तुत किया। साथ ही चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए एनसीपी कार्यकर्ताओं ने गणेश मंदिर टेकड़ी में हवन किया।

यह भी पढ़ें- चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए मौलाना फिरंगी महली ने बच्चों संग अदा की नमाज, मांगी दुआ

दूसरी ओर ओडिशा के पुरी में समुद्र तट पर सुदर्शन सैंड आर्ट इंस्टीट्यूट के छात्रों ने चंद्रयान-3 की रेत से कलाकृति बनाकर इसकी सफलता की कामना की है, जबकि चेन्नई के एवरविन स्कूल के बच्चों ने चंद्रयान-3 की प्री-सॉफ्ट लैंडिंग की आकृति बनाकर खुशी जताई है।

इस दौरान गुजरात के अहमदाबाद में भारतीय तिरंगे के रंग में रंगे एक शख्स ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग से पहले अटल ब्रिज के पास झंडा लहराया। तो दूसरी ओर सूरत के कडोदरा में हनुमान मंदिर में हवन किया गया।

यह भी पढ़ें- चंद्रयान-3 से अलग हुआ लैंडर, अब चांद की सतह फतह करने की बारी