चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए मौलाना फिरंगी महली ने बच्चों संग अदा की नमाज, मांगी दुआ

चंद्रयान-3
चंद्रयान-3 की सफलता के लिए नमाज अदा करते लोग।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भारत और इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) के साथ-साथ दुनियाभर की नजरें मिशन चंद्रयान-3 पर टिकी हैं। भारत में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिग के लिए दुआएं मांगने का दौर जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को लखनऊ में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया बच्चों के द्वारा स्पेशल नमाज अदा की गई। इस दौरान अल्लाह से इसरो के महत्वपूर्ण मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिग के लिए दुआएं मांगी गईं।

दरअसल 23 अगस्त की शाम को छह बजकर चार मिनट पर चंद्रयान-3 की चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग होने वाली है। इससे पहले किसी भी देश का रोवर यहां नहीं उतरा है। उधर लखनऊ ईदगाह के इमाम खालिद रशीद फिरंगी महली ने बताया कि बच्चों ने इस्लामिक सेंटर मदरसे में नमाज अदा की और चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि इस मदरसे में बच्चे विज्ञान का अध्ययन भी करते हैं, इसलिए उनके मन में इसके बारे में बहुत जिज्ञासा है। फिरंगी महली ने आगे कहा कि मैं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं, इसरो के सभी वैज्ञानिकों और अधिकारियों को बधाई, अगर कल चंद्रमा के अज्ञात दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग सफल होती है, तो भारत ऐसा करने वाला पहला देश होगा।

यह भी पढ़ें- चंद्रयान-3 से अलग हुआ लैंडर, अब चांद की सतह फतह करने की बारी

मालूम हो कि रूस का मिशन लूना-25 फेल होने से अब पूरी दुनिया की नजरें भारत के मिशन चंद्रयान-3 पर टिकी हैं। अब तक चंद्रयान-3 इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन के द्वारा तय किए गए समय के अनुसार चांद की सभी कक्षाओं में सफलतापूर्वक प्रवेश कर चांद की सतह की ओर बढ़ रहा है। अगर सबकुछ ठीक होता है तो 23 अगस्त को शाम छह बजकर चार मिनट पर चांद पर अपना रोवर उतारकर भारत इतिहास रचने वाला है।

यह भी पढ़ें- चांद की चौथी कक्षा में हुआ दाखिल Chandrayaan-3, मंजिल के करीब पहुंचा मिशन चंद्रयान