आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक के बाद एक दो भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिस समय भूकंप आया ज्यादातर लोग सो रहे थे। तभी धरती के हिलने से अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और खुली जगहों की ओर भागे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 मापी गई।
जानकारी के मुताबिक रविवार जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भूकंप के दो झटकों से धरती कांप उठी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के मुताबिक पहला झटका भोर में 4:22 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.6 मापी गई। इसके मात्र 15 मिनट बाद भोर में ही 4:37 बजे 3.0 तीव्रता का दूसरा झटका दर्ज किया गया। दोनों भूकंपों का केंद्र सतह से दस किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
यह भी पढ़ें- नेपाल में भूकंप से कांपी धरती, दहशत में घरों से निकले लोग
इस बीच, नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के एक बयान के मुताबिक, रविवार को म्यांमार में 4.0 तीव्रता का एक और भूकंप आया। यह भूकंप 140 किलोमीटर की कम गहराई पर आया, जिससे इसके बाद भी झटके आने की आशंका बढ़ गई है।
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस और राहत टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क जरूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
यह भी पढ़ें- कोलकाता समेत कई जिलों में भूकंप के तेज झटके, घर-दफ्तरों से बाहर भागे लोग


















