जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से हालात भयावह, ट्रेनें कैंसिल होने से यात्री परेशान

जम्मू-कश्मीर
बाढ़ व भूस्खलन में फंसी गाड़ियां।

आरयू वेब टीम। भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी भयावह स्थिति से जूझ रहे जम्मू-कश्मीर में लोगों की मुश्किलें कम नहीं हो रहीं हैं। दूरसंचार सेवाएं बुधवार को दूसरे दिन भी ठप रहने से लोगों की परेशानी में और इजाफा कर दिया है। लगातार बारिश के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि रेलवे विभाग ने जम्मूतवी रेलवे स्टेशन से जाने वाली सभी ट्रेनों को फिलहाल के लिए रद्द कर दिया है।

यह भी पढ़ें- बादल फटने से मचैल माता के दर्शन को जा रहे 38 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, दर्जनों घायल

इस फैसले के बाद रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों की भारी भीड़ हो रही है। हालांकि, रेलवे विभाग का साफ कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहले है। मौसम सामान्य होते ही ट्रेनें दोबारा शुरू की जाएंगी। वहीं कठुआ के एसएसपी शोभित सक्सेना ने स्थानीय मीडिया से कहा,’ऊपर स्थित बांध के ओवरफ्लो होने के कारण कल रात से रावी नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है। पानी छोड़ दिया गया है। आज सुबह, सेना की मदद से हमने अपने पीछे वाली इमारत से सीआरपीएफ जवानों को बचाया।

खुद को कटा हुआ कर रहा महसूस

वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्थिति की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा कि दूरसंचार सेवाओं के ठप होने के कारण वह भी खुद को कटा हुआ महसूस कर रहे हैं। सीएम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अब भी संचार से संबंधित समस्याओं से जूझ रहा हूं। मोबाइल पर थोड़ा-बहुत डेटा मिल पा रहा है, लेकिन फिक्स्ड लाइन वाई-फाई नहीं है, ब्राउजिंग नहीं हो रही है, लगभग कोई ऐप नहीं चल रहा है, एक्स जैसी चीजे बहुत धीरे से खुलती हैं, जिससे झुंझलाहट होती है।” साथ ही कहा, “व्हाट्सएप पर छोटे लिखित संदेश भेजने के अलावा कुछ भी नहीं हो पा रहा है। 2014 और 2019 के भयानक दिनों के बाद से इतना कटा हुआ महसूस नहीं किया।”

हालांकि अधिकारियों ने बताया, “मोबाइल इंटरनेट, फाइबर और लैंडलाइन इंटरनेट सहित फोन और इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।” उपयोगकर्ता सभी नेटवर्क पर 5जी नेटवर्क स्पीड का उपयोग कर सकते हैं।

वायुसेना का विमान पहुंचा जम्मू

जम्मू में वैष्णो देवी तीर्थस्थल मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास हुए भूस्खलन से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए वायुसेना का सी-130 विमान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित हिंडन वायुसेना स्टेशन से जम्मू पहुंच गया है। बता दें कि वैष्णो देवी में भूस्खलन की घटना में बचावकर्मियों द्वारा मलबे से और शव निकाले जाने के बाद, हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है।

यह भी पढ़ें- अब कठुआ में बादल फटने से भारी तबाही, चार की मौत, कई घायल