लाल किले तक पहुंचा यमुना का पानी, दिल्ली सरकार ने मांगी सेना से सहायता

यमुना का पानी
लाल किले तक पहुंचा यमुना का पानी।

आरयू वेब टीम। दिल्ली में बारिश और बाढ़ ने लोगों की मुश्किल बढ़ा रखी है, जबकि यमुना का पानी लाल किले तक पहुंच गया है। बाढ़ के कारण कई जगहों पर यातायात के मार्ग बदले गए हैं। इस वजह से भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है।

वहीं कुछ स्थानों पर बाढ़ का पानी कम होने के बाद आइटीओ रेलिंग और बिजली के खंभों में करंट आने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यमुना के कहर का इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि डब्लूएचओ के पास स्थित नाले का बैक वाटर सुप्रीम कोर्ट के गेट-ई तक पहुंच गया है। इस बीच स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सेना से मदद मांगी है।

यह भी पढ़ें- दिल्‍ली के बाद यूपी के कई जिलों में खतरे के निशान पार कर चुकी गंगा-यमुना

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि मैंने मुख्य सचिव को सेना और एनडीआरएफ की मदद लेने का निर्देश दिया है ताकि स्थिति जल्द से जल्द ठीक हो सके। यमुना के पानी को लेकर आज राजस्व मंत्री आतिशी ने दिल्ली का हाल जाना और अधिकारियों से साथ ऑनलाइन बैठक की।

गौरतलब है कि दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में कमी आ रही है। सुबह करीब नौ बजे लोहा पुल पर यमुना का जलस्तर 208.40 मीटर दर्ज किया गया है। वहीं ओल्ड रेलवे ब्रिज (ओआरबी) पर यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।

यह भी पढ़ें- राजधानी में आफत की बारिश, केजरीवाल ने कैंसिल की मंत्री-अफसरों की छुट्टी, दिए जरूरी निर्देश