दिल्‍ली के बाद यूपी के कई जिलों में खतरे के निशान पार कर चुकी गंगा-यमुना

खतरे के निशान
दिल्ली में बढ़ा यमुना नदी का जलस्तर।

आरयू वेब टीम। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश से हुई भीषण तबाही के बाद अब मैदानी राज्यों में खतरा बढ़ने लगा है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गंगा और यमुना खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि यूपी में यमुना विकराल होती जा रही है।

दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान को पार करके बह रही है। नदी किनारे के कई निचले इलाकों के घरों में यमुना का पानी घुसने के कारण लोग दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। बुधवार सुबह ओल्ड रेलवे ब्रिज इलाके में यमुना का स्तर 207.25 मीटर दर्ज किया गया है।

वहीं मथुरा के एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने मीडिया को बताया कि बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। नदी किनारे के सभी पुलिस थानों को इलाके में निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। अन्य विभागों से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है ताकि जलभराव या आपात स्थिति में लोगों को तत्काल मदद दी जा सके।

जबकि मेरठ के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि यहां गंगा का जलस्तर काफी बढ़ रहा है। हमने गोताखोरों को तैनात किया है। अभी तक किसी के पानी में डूबने की घटना नहीं हुई है। हमने बैरिकेडिंग करके, बल्लियां लगा रखी हैं। कुछ जगहों पर जलभराव हुआ है, वहां से पानी निकासी की गई है। बताया गया है कि मेरठ में भारी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति है।

यह भी पढ़ें- भारी बारिश के चलते अगले आदेश तक रोकी गई केदारनाथ यात्रा

बिजनौर बैराज से पानी छोड़ने के कारण गंगा के जलस्तर में 24 घंटे में 31 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हुई है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों को बाढ़ का खतरा सता रहा है। बुधवार को गंगा का जलस्तर 198.40 मीटर तक पहुंच गया है।

यह भी पढ़ें- जोरदार बारिश से ब्यास नदी में उफान, नेशनल हाईवे का एक हिस्सा बहा