दर्दनाक: मूर्ति विसर्जन के दौरान यमुना नदी में डूबने से यूपी के पांच युवाओं की मौत, CM योगी ने जताया दुख

डूबने से मौत

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में यमुना नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक किशोर समेत पांच लोगों की डूबने से हुई मौत पर सोमवार को गहरा शोक प्रकट किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिल्ली सरकार के अधिकारियों से समन्वय करते हुए इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद तक लाने की व्यवस्था कराएं।

दरअसल दिल्ली में यमुना नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक नवयुवक समेत पांच युवाओं की डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना रविवार को डीएनडी फ्लाईओवर के नीचे हुई। नोएडा पुलिस ने कहा कि घटना में सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव के रहने वाले अंकित सिंह (20), अर्पित (16), वीरेंद्र (23), ललित (20) और ऋतुराज श्रीवास्तव (20) की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- उच्चस्तरीय बैठक कर CM योगी ने पशु मेलों, इंटर स्टेट पशु ट्रांसफर पर लगाई रोक, लंपी वायरस बना वजह

पुलिस के मुताबिक, “सभी लोग डीएनडी फ्लाईओवर के नीचे यमुना नदी में भगवान कृष्ण की मूर्ति का विसर्जन करने के लिए दिल्ली गए थे। मूर्ति विसर्जित करने के साथ ही सभी नहाने के लिए नदी में उतरे थे तभी जल स्‍तर अधिक होने के चलते पांचों डूब गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने उनके शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल के शवगृह में रखवाए हैं। नोएडा पुलिस ने कहा कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

वहीं ऋतुराज श्रीवास्तव के रिश्तेदारों का कहना है कि वह सलारपुर गांव में उसका अंतिम संस्कार करना चाहते हैं, जबकि अन्य चार लोगों के परिजनों ने पुलिस को सूचित किया है वह शवों को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थानों पर ले जाना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें- गंगा में नहाने गए चार लड़कों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम