जानें, देश के 13वें उपराष्ट्रपति बनने के बाद क्या बोले वेंकैया नायडू

वेंकैया नायडू

आरयू वेब टीम।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता एम वेंकैया नायडू को आज देश का 13वां उपराष्‍ट्रपति चुन लिया गया है। उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में वेंकैया ने दो तिहाई से अधिक वोट प्राप्त करके विपक्ष के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी को पराजित किया।

वेंकैया नायडू को 516 वोट मिले जबकि गोपाल कृष्ण गांधी को 244 वोट प्राप्त हुए। चुनाव अधिकारी शमशेर के. शरीफ ने यह जानकारी दी। मतदान में 11 वोट अवैध पाए गए, जबकि दोनों सदनों के 785 सांसदों में से 14 सांसद वोट नहीं डाल पाये।

यह भी पढ़ें- उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग जारी, शाम तक घोषित होगा परिणाम

कभी कल्‍पना भी नहीं की थी

चुनाव जीतने के बाद उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि किसान पृष्ठ भूमि से आने के चलते  मैंने कभी इसकी कल्पना नहीं की थी कि मैं यहां पहुंच सकूंगा। भारतीय राजनीति में कृषि को उपयुक्त आवाज नहीं मिल पाई थी। उन्होंने कहा कि मैं कृतार्थ हूं। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सभी पार्टी नेताओं का समर्थन देने के लिये आभारी हूं। मैं उप राष्ट्रपति संस्था का उपयोग राष्ट्रपति के हाथ मजबूत बनाने के लिए करूंगा और ऊपरी सदन की मर्यादा को कायम रखूंगा।

यह भी पढ़ें- उपराष्ट्रपति चुनाव: आयोग ने जारी किया शैडयूल, जाने कब होगा मतदान

मोदी ने दी बधाई

पीएम नरेन्द्र मोदी ने उप राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर वेंकैया नायडू को बधाई दी। प्रधानमंत्री वेंकैया के आवास पर पहुंचे और उनका मुंह मीठा करवाया। प्रधानमंत्री के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी नायडू को बधाई देने पहुंचे। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि वेंकैया नायडू उप राष्ट्रपति के रूप में पूरी लगन और समर्पण के भाव से राष्ट्र की सेवा करेंगे।