विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व सीएम चंपई सोरेन का बड़ा फैसला, नई पार्टी बनाने का किया ऐलान

चंपई सरोन

आरयू वेब टीम। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता चंपई सोरेन ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। दिल्ली से लौटने के बाद उन्होंने आज हाता क्षेत्र में समर्थकों से मुलाकात के बाद अलग संगठन खड़ा करने की घोषणा कर दी है। उन्होंने ने कहा है कि सात दिन के भीतर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। दिल्ली से लौटने के बाद उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि बहुत जल्द पता चल जाएगा कि वे क्या करने वाले हैं।

आज सुबह बड़ी संख्या में समर्थक उनके आवास पर पहुंचे थे। समर्थकों से बातचीत के बाद चंपाई सोरेन अलग-अलग जगहों पर जाकर भी समर्थकों से मिल रहे हैं। अलग संगठन खड़ा करने की घोषणा के बाद ऑफ द रिकॉर्ड चंपाई सोरेन ने कहा कि सीएम बनने के बाद जिस तरह से अपमानित किया जा रहा था। उसको बयां नहीं किया जा सकता है। चंपाई सोरेन का गुस्सा सीधे तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर था। चंपाई की इस घोषणा से भाजपा में शामिल होने के कयासों पर अब विराम लग गया है, हालांकि उन्होंने अभी तक नहीं बताया है कि उनकी पार्टी का क्या नाम होगा।

गौरतलब है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बागी तेवत तो पिछले कई दिनों से ही दिखाई दे रहे थे। लेकिन अब उन्होंने पार्टी बनाने का भी ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे और नई पार्टी बनाएंगे। साथ ही चंपई सोरेन ने कहा गठबंधन के लिए भी दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि मैंने तीन विकल्प बताए थे- रिटायरमेंट, संगठन या दोस्त। चंपई सोरेन ने कहा कि, मैं रिटायर नहीं होऊंगा। मैं पार्टी को मजबूत करूंगा, नई पार्टी बनाऊंगा। पूर्व सीएम ने कहा कि अगर रास्ते में कोई अच्छा दोस्त मिलता है तो उसके साथ आगे बढ़ूंगा।

यह भी पढ़ें-हेमंत सोरेन सरकार ने जीता विश्‍वास मत, विपक्ष ने किया बहिष्कार

बता दें कि हेमंत सोरेन के जनवरी में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद चंपई सोरेन ने दो फरवरी को राज्य के सातवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, लेकिन हेमंत सोरेन को जमानत मिलने के बाद जब वह जेल से बाहर आए तो तीन जुलाई को चंपई सोरेन ने इस्तीफा दे दिया। उसके बाद हेमंत सोरेन एक बार फिर से राज्य के मुख्यमंत्री बन गए।

यह भी पढ़ें- हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर अखिलेश ने कहा, झारखंड नहीं झुकेगा