#GoodNews: कल से अनंत नगर के 112.5 से 450 वर्गमीटर के प्‍लॉट का रजिस्‍ट्रेशन खोलेगा एलडीए, जानें इससे जुड़ी कुछ खास बातें

एलडीए

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ में घर बनाने के लिए लीगल प्‍लॉट ढूंढ रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण एक बार फिर अनंत नगर योजना के भूखंडों का रजिस्‍ट्रेशन खोलने जा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस के लिए आदेश जारी कर दिया है। जिसके तहत कल से 12 जनवरी, 2026 तक प्‍लॉट के लिए पंजीकरण खुला रहेगा। इसमें आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और प्‍लॉट का आवंटन लॉटरी से होगा।

आकाश व आदर्श खंड में हैं भूखंड

बताते चलें कि अनंत नगर योजना के पहले दो चरण में 666 प्‍लॉटों का आवंटन लॉटरी से किया गया है। जिसमें 22 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था। इस बार आकाश खंड के 617 और आदर्श खंड के 20 प्‍लॉट के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है।

प्‍लॉट के लिए ऐसे करें रजिस्‍ट्रेशन

इसमें आवेदन करने के लिए लोगों को एलडीए की वेबसाइट https://registration.ldalucknow.in/#/login पर यहां से सीधे क्लिक कर भी लॉगइन कर पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी। जिसके बाद प्‍लॉट के अनुमानित दाम की पांच प्रतिशत धनराशि जमा कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। जिसके बाद रजिस्‍ट्रेशन कराने वाले आवेदकों के बीच भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से प्राधिकरण करेगा।

112.5 से 450 वर्गमीटर तक के हैं प्‍लॉट-

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि तीसरे चरण में कुल 637 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा। इसमें 450 वर्गमीटर के 41, 288 वर्गमीटर के 224, 200 वर्गमीटर के 225, 162 वर्गमीटर के 90 और 112.5 वर्गमीटर के 57 प्‍लॉट शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- 515 करोड़ में LDA ने बेची 73 प्रापर्टी, भटकते आवंटियों को देने की जगह आवासीय प्‍लॉट भी कर डाला नीलाम

प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड पर 785 एकड़ में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में करीब डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।

प्रधिकरण के अनुसार योजना में मिलेंगी आवंटियों को ये सुविधाएं-

– उत्‍कृष्‍ट सडकों का नेटवर्क,

– 130 एकड़ में ग्रीन स्पेस,

– स्वच्छ जल आपूर्ति,

– भूमिगत लाइनों से निर्बाध विद्युत आपूर्ति,

– ईवी चार्जिंग स्टेशन,

– सामुदायिक केन्द्र,

– सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट,

– जीरो लिक्विड डिस्चार्ज।

यह भी पढ़ें- अनंत नगर के प्‍लॉट की मांग में भारी गिरावट के बाद भी जानें एक भूखंड के लिए कितने लोगों ने किया आवेदन