कल्याण सिंह की बिगड़ी तबीयत, हाल जानने PGI पहुंचे योगी

कल्याण सिंह
कल्याण सिंह का हाल पूछते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ।अस्पताल में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तबीयत एक बार फिर खराब हो गई है। कल्याण सिंह को बीती देर रात सांस लेने में तकलीफ और पेट फूलने की दिक्कत होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर लिया गया। नए संक्रमण व सेप्सिस की संभावना को देखते हुए एंटीबायोटिक्स और एंटीफंगल का उपचार शुरू कर दिया गया है। हालांकि सेहत नियंत्रण में है। जिसकी जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एसजीपीजीआइ पहुंचे और उनका हाल जाना।

मिली जानकारी के अनुसार कल्याण सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ी तो उन्हें क्रिटिकल केअर मेडिसिन के डॉक्टरों ने तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट देते हुए फिर से तमाम जरूरी टेस्ट करवाए। हालाकि पूर्व मुख्यमंत्री अब ठीक हैं। योगी के पहुंचने पर कल्याण सिंह ने हाथ जोड़कर सीएम योगी से कहा कि वह उनकी बहुत सेवा कर रहे हैं। इसके जवाब में सीएम योगी ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

यह भी पढ़ें- कल्याण सिंह के निधन की उड़ी अफवाह,SGPGI ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया, हालत पहले से बेहतर

वहीं करीब 15 मिनट योगी अस्पताल में रुके। इस दौरान उनके साथ चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना व कल्याण सिंह के पोते मंत्री संदीप सिंह मौजूद रहे। एसजीपीजीआइ के निदेशक डॉ. आरके धीमन ने बताया कि कल्याण सिंह का ऑक्सीजन लेवल हल्का सा गिरा है। इन्फेक्शन की फिर से शिकायत हो सकती है। फिलहाल उन्हें आराम है और अभी आईसीयू में ही रखा जाएगा।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे कल्याण सिंह को बीते 21 जून को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया आर्युविज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। इस बीच चार जुलाई को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ते ही सबसे पहले यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने पहुंचे थे। उसी दिन उन्हें एसजीपीजीआइ शिफ्ट किया गया।

यह भी पढ़ें- UP के पूर्व सीएम कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर पीएम मोदी चितिंत, CM योगी को किया फोन