करनाल में पुलिस ने किसानों पर की लाठीचार्ज, कई घायल

किसानों पर की लाठीचार्ज
लाठीचार्ज में घायल किसान।

आरयू वेब टीम। हरियाणा के बसताड़ा टोल पर पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज किया है। ये किसान करनाल में भाजपा नेताओं को रोकने की कोशिश कर रहे थे। किसानों ने नेताओं को रोकने के लिए टोल की दो-दो क्रॉसिंग छोड़कर बाकी को बंद कर दिया था। पुलिस ने किसानों को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानें, जिसके बाद पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज कर दी। पुलिस की लाठीचार्ज में कई किसान बुरी तरह घायल हुए हैं।

पुलिस द्वारा किसानों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई से भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी भड़क गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि पुलिस ने करनाल में किसानों को आने से रोक दिया है। बसताड़ा टोल पर किसानों पर लाठीचार्ज करके उन्हें घायल कर दिया, यह सरासर गलत है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि लाठीचार्ज के विरोध में वे जहां भी संभव हो सके सड़कों पर जाम लगा दें। आगे के आदेश तक जाम रखा जाए।

वहीं किसानों पर लाठीचार्ज के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने ट्वीट कर लिखा, ‘आज हरियाणा के करनाल में हुए लाठीचार्ज के विरोध में हरियाणा के साथियों से निवेदन है शाम 5:00 बजे तक सभी रास्ते जाम रहेंगे । सरकार का टारगेट पांच सितंबर मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान महापंचायत है यह चाहते हैं हरियाणा के लोग महापंचायत में ना जा पाए इन विषयों पर आप सभी ध्यान दें’।

यह भी पढ़ें- कृषि बिल के खिलाफ किसानों ने लखनऊ में किया प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

जबकि करनाल के डीसी निशांद यादव ने बताया कि किसानों ने करनाल की ओर रुख किया था। उसके कुछ देर बाद उन्होंने नेशनल हाईवे भी जाम कर दिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी किसानों से बात करने के लिए भी गए थे।
उन्होंने बताया कि जब वे नहीं माने तो पुलिस ने हलके बल का प्रयोग किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों और किसानों को चोटें आई हैं। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे आराम से बैठकर विरोध करें। हाईवे पर यातायात में बाधा न डाले।

बता दें कि करनाल शहर में भाजपा द्वारा संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें सीएम मनोहर लाल सहित भाजपा के छह सांसद, छह राज्य सभा सांसद, 12 विधायक, पूर्व विधायक और लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी सहित संगठन के पदाधिकारी भी पहुंचे थे। बैठक को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, लेकिन किसानों ने जमकर विरोध किया। 30 से अधिक स्थानों पर नाके लगे हैं। जिसकी वजह से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कते हो रही है।

यह भी पढ़ें- कृषि विधेयक के खिलाफ ट्रैक्टर चला संसद पहुंचे राहुल, कहा, किसानों के फायदे के लिए नहीं, बड़े उद्योगपतियों के लिए है ये काले कानून